कांग्रेस ने मनाया 139वां स्थापना दिवस, कार्यकर्ताओं ने किया ध्वजारोहण

4

हापुड़: आज यानी गुरूवार को हापुड़ में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका परिषद स्थित गांधी पार्क में एकत्रित हुए। जहां कांग्रेसजनों ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी Indian National Congress Party() का 139वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने पार्टी का ध्वज फहराया और सभी को कांग्रेस के स्थापना दिवस की बधाई दी। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने कहा कि पार्टी की स्थापना को आज 138 वर्ष पूरे हो गये हैं।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को 72 प्रतिनिधियों की उपस्थिति के साथ गोकुल दास तेजपाल संस्कृत कॉलेज, मुंबई में हुई थी। पार्टी के संस्थापक महासचिव एओ ह्यूम थे, जिन्होंने कलकत्ता के वोमेश चंद्र बनर्जी को अध्यक्ष नियुक्त किया। स्वराज का लक्ष्य सबसे पहले कांग्रेस में बाल गंगाधर तिलक ने अपनाया था।

पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि 1915 में गांधीजी के भारत आगमन के साथ ही कांग्रेस में बड़ा बदलाव आया। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को पहली सफलता चम्पारण और खेड़ा में जन समर्थन से मिली। 1919 में जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद गांधीजी कांग्रेस के महासचिव बने। उनके मार्गदर्शन में कांग्रेस एक विशिष्ट वर्ग के संगठन से एक जन संगठन में बदल गयी। इसके बाद राष्ट्रीय नेताओं की एक नई पीढ़ी आई। जिसमें सरदार वल्लभभाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, महादेव देसाई और सुभाष चंद्र बोस आदि शामिल थे।

पीसीसी सदस्य अरविंद शर्मा ने कहा कि बीजेपी का कांग्रेस मुक्त भारत का सपना कभी पूरा नहीं होगा, 2024 में इंडिया एलायंस पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। 14 जनवरी से शुरू होने वाली राहुल गांधी की “भारत न्याय यात्रा” देश में बड़ा बदलाव लाने जा रही है।

यह भी पढ़ेंः-दिल्ली-जयपुर समेत 7 एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

पार्टी का स्थापना दिवस मनाने वालों में रघुवीर सिंह एडवोकेट, डॉ. वीसी शर्मा, पार्षद सुशील शास्त्री, डॉ. आशाराम शर्मा, वाईके शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष जकारिया मनसबी, आईसी शर्मा, रघुवर गौतम, गौरव गर्ग, अमित सैनी, विक्की शर्मा, हरि प्रकाश यादव, हृदय प्रकाश, मुकीम खान, देवेन्द्र कुमार, मैनुद्दीन अरिमा, सावन चौधरी, सौरभ चौधरी, जीतेन्द्र अग्रवाल, भरतलाल शर्मा, सुबोध शास्त्री, सविता गौतम, कुसुमलता, चरण सिंह, जाहिद हुसैन, अनूप कर्दम, यश कुमार आदि लोग शामिल हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)