उत्तर प्रदेश Featured

आंध्र प्रदेश के आदिवासी समुदाय के बच्चों से मिले सीएम योगी आदित्यनाथ

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास में आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले से नैमिषारण्य, सीतापुर भ्रमण पर आए चैचू आदिवासी समुदाय के बच्चों से मुलाकात की। छह फरवरी को आंध्र प्रदेश के 21 आदिवासी बच्चों का दल साइकिल से भारत भ्रमण पर निकला है। पिछले करीब एक हफ्ते से ये बच्चे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भ्रमण कर रहे हैं। इन बच्चों के प्रदेश में होने की खबर जैसे ही मुख्यमंत्री को पता चली, उन्होंने व्यस्तता के बावजूद लखनऊ से बाहर होते हुए भी इन बच्चों के रहने-खाने का इंतजाम करवाया। साथ ही इनके लिए होली की मिठाई भी भिजवाई।

वहीं शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर बुलाकर इनसे मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से इन बच्चों की दिनचर्या की जानकारी ली। सभी बच्चों को उपहार दिया और इनके साथ आए शिक्षकों को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों से बातचीत कर उनकी शिक्षा और उनके लक्ष्यों के बारे में पूछा। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी बच्चों के साथ शिक्षकों का भी प्रदेश में प्रवास के दौरान विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिये। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में टाइगर रिजर्व श्रीसेलम के अंदरूनी हिस्से में चेंचू आदिवासियों का पलूतला गांव पड़ता है। वहां से संरक्षक कलिदासु की देखरेख में 21 बच्चों का एक दल साइकिल से यात्रा पर निकला है। इस दल में छह लड़कियां भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ेंःममता ने कहा- सरकार बनी तो लड़कियों को हर महीने मिलेंगे...

बताया जा रहा है कि 150 दिन के सफर में ये बच्चे 15 प्रान्त, 75 जिले और 9,000 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय करेंगे। होली के पहले ये बच्चे अयोध्या में थे। वहां उन्होंने रामलला के दर्शन भी किये। इसके बाद लखनऊ आए हैं। इन बच्चों के मेंटर और संरक्षक कालिदासु और उनकी टीम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलना चाहते थे। मुख्यमंत्री ने उनकी इच्छा का पूरा सम्मान करते हुए उनसे मुलाकात की।