नेताजी सुभाष चंद्र बोस को जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने किया नमन

0
41

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के अन्य नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायक सुभाष चंद्र बोस को जयंती पर याद करते हुए नमन किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, अभिजात राष्ट्रभक्त नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से नमन एवं सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं। आज पराक्रम दिवस पर हम सभी ‘नेताजी’ के बताए मार्ग का अनुसरण करने के लिए संकल्पित हों।

यह भी पढ़ें-इम्यून सिस्टम, पाचन क्रिया को मजबूत बनाता है मूली का साग

विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देश की आजादी में अग्रणी भूमिका निभाई है। नेताजी को उनकी 125 वीं जयंती पर सादर नमन। उनका शौर्य और पराक्रम देश के सभी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अब हर वर्ष 23 जनवरी को हम सभी पराक्रम दिवस के रूप में मनाएंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, महान सेना आजाद हिन्द फौज के संस्थापक, युवाओं में स्वाधीनता के लिए जोश भरने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि नेताजी की जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस की समस्त देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि आजाद हिन्द फौज का गठन करने वाले महान सेनानायक, परम देशभक्त नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयन्ती पर शत-शत नमन। उनके बलिदान और योगदान से आने वाली पीढ़ियां प्रेरित होती रहेंगी। प्रदेश सरकार के कई अन्य मंत्रियों ने भी जयंती पर सुभाष चंद्र बोस को नमन किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट किया कि आजाद हिंद फौज का गठन करने वाले महान सेनापति, राजनीति के अद्भुत खिलाड़ी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि ‘याद रखिये अन्याय सहना और गलत के साथ समझौता करना सबसे बड़ा अपराध है।’ उन्होंने कहा कि भारत भूमि के राष्ट्र नायक एवं स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर सादर नमन। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आजाद हिन्द फौज के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें सादर नमन।