प्रदेश मध्य प्रदेश

राष्ट्रप्रेम व राष्ट्राभिमान की भावना के साथ मनाया जाएगा "हर घर तिरंगा अभियान"

इंदौरः आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मध्यप्रदेश में "हर घर तिरंगा अभियान" आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए 11 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी संभागायुक्त और कलेक्टर्स की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि इस अभियान को सम्पूर्ण प्रदेश में राष्ट्र प्रेम व राष्ट्राभिमान की भावना के साथ मनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए गए कि झंडा वितरित करते समय भारतीय ध्वज संहिता 2002 के महत्वपूर्ण प्रावधानों का पैम्फलेट भी लोगों को दिया जाए, ताकि अभियान के दौरान भारतीय ध्वज संहिता 2002 के प्रावधानों का उल्लंघन ना हो।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति के कार्य विवरण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी शहरी एवं ग्रामीण निकायों में तिरंगा निर्माण, विक्रय एवं वितरण संबंधी कार्यों की विस्तृत रूप से कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। इसी के साथ ही अभियान के "ईच वन गिफ्ट वन" खंड के तहत तिरंगा भेंट करने की भी योजना पर कार्य किया जाए।

वीडियो कांफ्रेंस में इंदौर कमिश्नर कार्यालय से संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा भी शामिल हुए। कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर कार्यालय से शामिल हुईं नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने इंदौर में अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु की जा रही तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर जिले में कुल आठ लाख तिरंगों का निर्माण किया जाना निर्धारित किया गया है। इनमें से पांच लाख तिरंगों का निर्माण शहरी एवं ग्रामीण स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। जिले के कुल 150 संगठनों एवं संस्थाओं को इस अभियान को सफल बनाने के लिए शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि हर अभियान की तरह इस अभियान को भी जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)