चंद्रशेखर बोले- भाजपा पार्टी विद डिफ़रेंस, हमारी सोच नेशन फर्स्ट

54

 

अजमेरः भाजपा अजमेर शहर जिला समन्वय समिति की बैठक सोमवार को संगठन महामंत्री चंद्रशेखर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में चंद्रशेखर ने कहा कि जैसा हमको देश बनाना है, वैसा हमें दल बनाना पड़ेगा और जैसा हमें दल बनाना है वैसा हमें कार्यकर्ता को बनाना पड़ेगा। इसके लिए समय-समय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना होगा। भाजपा कैडर बेस्ड पार्टी है और हम पार्टी विद डिफ़रेंस है। पार्टी की सोच है कि नेशन फ़र्स्ट है, देश में किसानों और मजदूरों के लिए आंदोलन, गोरक्षा के लिये आंदोलन, राष्ट्र के पुनर्निर्माण के लिए आंदोलन और राष्ट्र निर्माण के सभी आंदोलन करना भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति है।

उन्होंने कहा कि समाज में भाजपा को देखने वाला नज़रिया है कि यह दल बेटी बचाओ वाला दल है, सुशासन देने वाला दल है। लोग यह मानने लगे है कि भाजपा सिर्फ़ चुनाव लड़ने वाला दल नहीं है, यह सेवा देने वाला दल है। देश में मुख्य विचारधारा वाला दल भाजपा है। देश के 21-22 राज्य में एनडीए की सरकार है, यह हमारे लिए गर्व की बात है, भाजपा परिवार बहुत बड़ा परिवार है। देश में कोई एक ऐसा दल नहीं है जो भाजपा के सामने पूरे देश में लड़ सके।

उन्होंने कहा कि पहला काम है सशक्त मण्डल, सक्रिय बूथ समिति, स्थायी विजय के लिए पन्ना प्रमुख की नियुक्ति, सशक्त मण्डल बनाने के लिए पांच बातों मंडल संरचना, मण्डल में कार्य विभाजन, मंडल स्तर पर आन्दोलन और प्रचार की नीति, मण्डल स्तर पर चुनाव जीतने की रणनीति एवं मंडल में सभी प्रकार की व्यवस्था का ध्यान रखना है। इसी तरह सशक्त बूथ के लिए पांच बातों सक्रिय बूथ समिति का गठन, पार्टी के छह कार्यक्रम, पन्ना प्रमुख की नियुक्ति, बूथ पर मन की बात का ध्यान रखना है।

बैठक में शहर संगठन प्रभारी बिरम देव सिंह, भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी, दक्षिण से अनिता भदेल, महापौर ब्रजलता हाड़ा, प्रदेश मंत्री वंदना नोगिया, सभापति दिनेश सिंह राठौड़, संगठन पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के अध्यक्ष तथा प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)