Bharat Jodo Nyay Yatra: लॉन्च हुआ ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का Logo, मणिपुर से होगी शुरुआत

0
3

Bharat Jodo Nyay Yatra Logo Launched : नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो लॉन्च किया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हम 14 जनवरी से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू कर रहे हैं। यात्रा में शामिल होने के लिए इंडिया एलायंस के नेताओं, कांग्रेस के सहयोगियों और नागरिक समाज को भी आमंत्रित किया गया है।

क्या बोले राहुल गांधी

‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर राहुल गांधी कहते हैं, ”हम अन्याय और अहंकार के खिलाफ ‘न्याय की चुनौती’ लेकर फिर अपने लोगों के बीच आ रहे हैं। सत्य के मार्ग पर ये मेरी शपथ है, यात्रा जारी रहेगी,” न्याय। जब तक हमें अपना अधिकार नहीं मिल जाता।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की जा रही है। इस दौरान हम ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के जरिए जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ देशवासियों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। देश के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और बुनियादी मुद्दों को लेकर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली जा रही है।

क्यों निकाली जा रही यात्रा, खड़गे ने बताया

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब हमने संसद में देश से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश की तो सरकार ने हमें बोलने नहीं दिया। देश के इतिहास में यह पहली बार है, जब 146 सांसदों को निलंबित किया गया है। इसलिए हम ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के जरिए लोगों के बीच जा रहे हैं ताकि हम उनसे अपनी बात कह सकें और समाज के हर वर्ग से मिल सकें और उनकी बात सुन सकें।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस बार न्याय होगा और हर कमजोर व्यक्ति को उसका अधिकार मिलेगा। समानता का अधिकार, रोजगार का अधिकार, सम्मान का अधिकार। उन्होंने कहा कि हम महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, मजदूरों की खराब स्थिति, अमीर-गरीब के बीच बढ़ती खाई और जातीय जनगणना जैसे मुद्दों पर जनजागरण करेंगे।

खड़गे के मुताबिक, यात्रा के दौरान राहुल समाज के विभिन्न वर्गों और संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान पर चर्चा करेंगे। भाजपा सरकार विपक्ष को डराने के लिए खुलेआम ईडी, सीबीआई, आईटी का इस्तेमाल कर रही है। जब ये लोग विपक्षी लोगों को पकड़ते हैं तो उन पर कोई भी केस थोप देते हैं। लेकिन, जैसे ही वह आदमी बीजेपी में शामिल होता है, उसकी छवि साफ हो जाती है। आख़िर ये कहां का न्याय है?

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमने इंडिया अलायंस के नेताओं, विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के सहयोगियों और नागरिक समाज को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। यात्रा के दौरान उन सभी लोगों से मुलाकात कर चर्चा की जायेगी।

यह भी पढ़ें-बदरुद्दीन अजमल ने कांग्रेस को लिया आड़े हाथ, पूछा-NRC की समस्या किसने पैदा की?

अन्याय के विरुद्ध न्याय की लड़ाई में हम फिर आ रहे-खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का मंच एनजीओ, पत्रकारों, किसानों, छोटे व्यापारियों, दलित-पिछड़े वर्ग, आदिवासियों और बुद्धिजीवी वर्ग को जोड़ने के लिए भी है। यह यात्रा न सिर्फ जनता तक अपनी बात पहुंचाने का मंच है बल्कि जनता की आवाज और उनकी समस्याओं को सुनने का भी मंच है। हम अन्याय के खिलाफ न्याय की इस लड़ाई में फिर से आ रहे हैं।’ करोड़ों देशवासियों के प्यार और प्रार्थनाओं को साथ लेकर तानाशाही और अहंकार को करारा जवाब देना है। अपने हक़ के लिए आवाज़ उठायें, इस न्याय यात्रा में हमारे साथ शामिल हों।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)