बंगालः अस्पताल में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद की हत्या, एक गिरफ्तार, बीजेपी हमलावर

77
-female-junior-doctor-raped-and-murder-case

Bengal, कोलकाता: कोलकाता के सरकारी आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला स्नातकोत्तर इंटर्न (पीजीटी) डॉक्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम संजय राय है। एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने भी बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति बाहरी बताया जा रहा है, जो अस्पताल के विभिन्न विभागों में खुलेआम घूमता था।

दुष्कर्म के बाद की गई हत्या

पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो अस्पताल से बाहर का है। उसकी गतिविधियां बेहद संदिग्ध हैं और वह सीधे तौर पर अपराध में शामिल प्रतीत होता है।” इस मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस ने शुक्रवार रात दो इंटर्न डॉक्टरों से भी पूछताछ की। शुक्रवार को सरकारी अस्पताल के सेमिनार हॉल में महिला स्नातकोत्तर इंटर्न डॉक्टर का अर्धनग्न शव मिला था। मृतका छाती रोग विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और गुरुवार रात ड्यूटी पर थी। शव पर चोट के निशान भी मिले हैं। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है और सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म किया गया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

यह भी पढ़ेंः-ट्रिपल मर्डर से दहला बेगूसराय ! पति-पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या, बेटे की हालत नाजुक

बीजेपी ने साधा निशाना

पश्चिम बंगाल के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में 22 वर्षीय पीजी छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या के मामले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। भाजपा के तीन वरिष्ठ नेताओं ने राज्य की मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ममता बनर्जी पर तीखे आरोप लगाए हैं और महिला सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने अपने ट्वीट में इस घटना की तुलना पार्क स्ट्रीट, हंसखली और कामदुनी जैसी घटनाओं से की है, जहां महिलाओं के साथ निर्मम दुष्कर्म और हत्या की गई।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)