Asia Cup 2023: बेटियों ने लहराया तिरंगा, दक्षिण कोरिया को हराकर पहली बार जीता एशिया कप हॉकी का खिताब

8

asia cup junior hockey indian girls

नई दिल्लीः भारतीय जूनियर महिला हॉकी (asia-cup-2023) टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम ने पहली बार एशिया कप का खिताब जीता है। महिला टीम ने जापान के काकामीगहारा में खेले गए महिला जूनियर एशिया कप 2023 के फाइनल मैच में रविवार को 4 बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया को 2-1 से हरा दिया। भारत के लिए अनु (22वां मिनट) और नीलम (41वां मिनट) ने गोल किए। दूसरी ओर विपक्षी टीम के लिए एकमात्र गोल जिओन पार्क (25वें मिनट) ने किया। इसी के साथ भारतीय टीम ने चिली में खेले जाने वाले एफआईएच महिला जूनियर विश्व कप 2023 में अपनी जगह पक्की कर ली।

फाइनल मैच की बात करें तो खेल के पहले 20 मिनट में कोई गोल नहीं हुआ। भारत की अन्नू ने 22वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, भारतीय टीम की बढ़त ज्यादा देर तक नहीं टिकी। 25वें मिनट में सीन पार्क ने कोरिया के स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में नीलम ने 41वें मिनट में गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। खेल के अंत में भारत 2-1 से आगे चल रहा था और मैच जीत गया। इसी के साथ महिला टीम एशिया चैंपियन बन गई। यह टूर्नामेंट का 8वां सीजन है। भारत खिताब जीतने वाला तीसरा देश है। दक्षिण कोरिया ने 4 बार, चीन ने 3 बार टूर्नामेंट जीता है। इस बार यह टूर्नामेंट 3 से 11 जून के बीच खेला गया था।

ये भी पढ़ें..नोएडा फिल्म सिटी में दर्दनाक हादसा, फैशन शो के दौरान मॉडल पर गिरा लोहे का खंभा, मौत

खिलाड़ियों को पुरस्कार देने की घोषणा

उधर हॉकी इंडिया कार्यकारी बोर्ड ने एशिया कप जीतने पर हर महिला खिलाड़ी को दो लाख रुपये पुरस्कार देने की ऐलान किया है। जबकि सपोर्ट स्टाफ को एक लाख रुपये दिया जाएगा। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने भारतीय जूनियर महिला टीम को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।

तिर्की ने एक बयान में कहा कि हम बेहद गर्व से भरे हुए हैं। भारतीय जूनियर महिला टीम ने अपना पहला जूनियर एशिया कप (asia-cup-2023) जीत लिया है। प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का उनका असाधारण प्रदर्शन वास्तव में आशाजनक रहा है। इस जीत से उसकी स्थिति और मजबूत हो गई है। मुझे यकीन है कि यह इस साल के अंत में होने वाले जूनियर विश्व कप में उनकी आगामी चुनौती के लिए एक मजबूत नींव के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि को मान्यता देने के लिए हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने का फैसला किया है। मैं टीम और समर्पित सपोर्ट स्टाफ को देश का नाम रोशन करने के उनके अथक प्रयासों के लिए दिल से बधाई देता हूं।

हॉकी इंडिया के महासचिव ने टीम को दी शुभकामनाएं

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा कि टीम ने लगातार प्रत्येक मैच में शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर एशिया कप में टीम की लगातार जीत से पता चलता है कि भारत में हॉकी का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। भारतीय टीम को अपना पहला महिला जूनियर एशिया कप जीतने में मदद करने में उनके अथक प्रयासों के लिए टीम और समर्पित सपोर्ट स्टाफ को मेरी हार्दिक बधाई।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)