भोपाल पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, एमपी सरकार का जारी किया रिपोर्ट कार्ड

10

भोपाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर भोपाल पहुंचे हैं। उन्होंने यहां कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के 20 साल (2003-2023) का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। कार्यक्रम में उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बेहद मेहनती बताते हुए की। उन्होंने कहा कि हमने बीमारू राज्य को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने का प्रयास किया।

बिमारू राज्य को आगे बढ़ाने का किया काम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल के राजाभोज हवाईअड्डे पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनका स्वागत किया। अमित शाह एयरपोर्ट से सीधे कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मिशन गरीब कल्याण महा को लेकर मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार के 20 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि हमने 20 साल में बीमारू राज्य को विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ाने का काम किया है। इन्हीं वर्षों में आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की नींव रखी गई। उन्होंने कहा कि 1956 में मध्य प्रदेश का गठन हुआ, तब से लेकर 2003 तक कांग्रेस का शासन रहा। 53 साल में मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया। अमृतकाल का आने वाला समय मध्य प्रदेश के लिए अनोखा साबित होगा। मध्य प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास किया है।

सीएम शिवराज ने कही ये बात

इससे पहले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक समय था जब मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। डबल इंजन सरकार ने विकास के कीर्तिमान बनाये हैं। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में 2014 से मध्य प्रदेश के विकास को गति मिली है। प्रधानमंत्री ने आजादी के अमृत महोत्सव में 2047 तक देश को गौरवशाली और समृद्ध बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने में मध्य प्रदेश महत्वपूर्ण योगदान देगा। सिंचाई के क्षेत्र में मध्य प्रदेश में चमत्कार हो गया है। मप्र दोगुनी गति से प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री ने सहयोग में कोई कसर नहीं छोड़ी। महिला सशक्तिकरण में अभूतपूर्व कार्य किया गया। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य की संज्ञा दी थी। ये शब्द राजीव गांधी ने दिया था।

वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने गरीब कल्याण महाअभियान के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। गरीब कल्याण महाअभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में 20 वर्षों की उपलब्धियों की एक लघु फिल्म दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी गई। भोपाल में कार्यक्रम के बाद शाह बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए ग्वालियर जाएंगे। यहां से हम मप्र के मन में मोदी के नाम पर सदस्यता अभियान शुरू करेंगे। इसमें चुनाव से पहले राज्य में 40 लाख नये कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य दिया जायेगा। नये मतदाताओं और प्रिय बहनों पर रहेगा फोकस।

यह भी पढ़ें-Chhattisgarh: क्रेशर प्लांट में बड़ा हादसा, ऑपरेटर के ऊपर गिरा पत्थर, मौत

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)