प्रदेश उत्तर प्रदेश क्राइम

सुप्रीम कोर्ट की महिला वकील के मर्डर केस में आरोपी पति गिरफ्तार, स्टोर रूम में छुपा था

noida-news नोएडाः सुप्रीम कोर्ट की एक महिला वकील का शव रविवार को नोएडा के सेक्टर 30 स्थित एक घर में मिला। जब महिला वकील ने दो दिन तक फोन नहीं उठाया तो उसके भाई को किसी अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घर के चार ताले तोड़कर पुलिस ने बाथरूम से महिला का शव बरामद किया। इस मामले में रविवार को पुलिस को पति के फरार होने की सूचना मिली थी। लेकिन देर रात तक चली जांच में आखिरकार पुलिस को महिला का पति घर के स्टोर रूम में मिल गया। पति इसी स्टोर रूम में छिपा हुआ था। फिलहाल पुलिस पति से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह स्टोर रूम में क्यों छिपा था। दरअसल, नोएडा के सेक्टर 30 निवासी वकील रेनू सिन्हा (61) की रविवार को उनके घर के अंदर संदिग्ध मौत हो गई। भाई की सूचना पर पुलिस ने घर का ताला तोड़कर उसका शव बरामद किया। महिला यहां अपने पति नितिन नाथ सिन्हा के साथ रहती थी। उनका बेटा अमेरिका में रहता है, जो साल में एक या दो बार ही भारत आता है। रेनू के भाई का आरोप है कि उसका जीजा नितिन उसकी बहन को परेशान करता था। उसने अपने जीजा पर हत्या का शक जताया है। घटना के बाद जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो पति फरार मिला। ये भी पढ़ें..बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- बहनों को स्वावलंबी बनाने की... पुलिस देर रात तक इस मामले की जांच करती रही और पति का फोन भी सर्विलांस पर लगाया गया। काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने दोबारा घर की जांच शुरू की। रात तीन बजे पुलिस ने रेनू के पति नितिन को घर के स्टोर रूम से बरामद कर लिया। अब उससे पूछताछ की जा रही है। आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर अनबन रहती थी और इस अनबन के कारण कई बार झगड़ा भी होता था। पति-पत्नी एक ही घर में रहकर अलग-अलग रहते थे। बेटा जब भी आता था तो अपने पिता से कम ही बात करता था। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और देखना होगा कि आखिर क्या वजह थी जिसके चलते महिला की हत्या कर दी गई और पति को स्टोर रूम में छिपना पड़ा। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)