प्रदेश Featured राजनीति

पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले- भाजपा में शामिल होने वाले 'आप' कार्यकर्ताओं को मिल रही हैं धमकियां

नई दिल्ली: पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने सोमवार को कहा कि आम आदमी पार्टी के जो नेता और कार्यकर्ता लगातार बड़ी संख्या आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं, उनको धमकियां दी जा रही हैं। यदि ऐसा ही चलता रहा तो पुलिस में धमकियां देने वालों के खिलाफ एफआईआर की जाएगी।

गोयल ने कहा कि पिछले एक महीने में सैंकड़ों लोगों ने आम आदमी पार्टी के झूठे वादों, नित नए भ्रष्टाचारों और दिल्ली में यमुना एवं प्रदूषण जैसे विषयों पर कुछ काम न करने के कारण पार्टी छोड़ी है। गोयल ने कहा कि सबसे ज्यादा तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता निराश इसलिए हैं कि पार्टी में खुलेआम टिकटें बेची गई और काम करने वाले कार्यकर्ताओं को छोड़कर पैसे वालों को रातों-रात नगर निगम के पार्षद की उम्मीदवारी की टिकट बेच दी गई। गोयल ने बताया कि भाजपा में शामिल होने वाले अधिकांश लोगों का कहना है कि हमने ‘आप’ को इसलिए ज्वाइन किया था कि ये भ्रष्टाचार से लड़ेंगे, किन्तु इनके खुद के भ्रष्टाचार इतने हैं कि ये सत्ता के लालच में कुछ भी करने को तैयार हैं।

गोयल ने कहा कि नगर निगम चुनाव में दिल्ली की जनता तैयार हो चुकी है कि किसे वोट देना है। दिल्ली की जनता ने पिछले दिनों देखा है कि किस प्रकार केजरीवाल सरकार और उनके मंत्री भ्रष्टाचार कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी सिर्फ अपने खोखले प्रचार करने में व्यस्त है और उनके हर विभाग में भ्रष्टाचार की अति हो गई है। गोयल ने कहा कि जो आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के विरोध में सत्ता में आई थी, वही आज देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी बन गई है, यह दिल्ली की जनता भली-भांति जान गई है, और आने वाले निगम चुनाव में जनता केजरीवाल सरकार को करारा जवाब देगी।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…