भीषण गर्मी से एक और मौत, 12 जिलों में रेड अलर्ट जारी, बाजारों में लगाए जा रहे कूलर

8
coolers-installed-in-the-markets-of-bikaner-barmer

Jaipur : भगवान सूर्यदेव ने शनिवार सुबह 3.17 बजे रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश किया। इसके साथ ही भीषण गर्मी के लिए खास माना जाने वाला नौतपा भी शुरू हो गया है। पिछले कई वर्षों की तुलना में इस बार सूर्यदेव की तपिश अधिक रहेगी। राजस्थान में बढ़ती गर्मी जानलेवा हो गई है। लू से एक और मौत हो गई है। इसके साथ ही लू के कारण जान गंवाने वालों की संख्या अब 15 हो गई है। नौतपा की शुरुआत के साथ ही राजस्थान के 12 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

पैदल चलने वालों के लिए खास इंतजाम

प्रशासन ने गर्मी से लोगों को बचाने के कई तरह के इंतजाम किए हैं वहीं बीकानेर और बाड़मेर के प्रमुख बाजार में टेंट सहित कूलर लगाए जा रहे हैं। गर्मी को देखते हुए सरकार ने प्रदेश के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर छाया और पानी के भी इंतजाम करने के आदेश दिए हैं। बाड़मेर में तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया है। इधर, शहर के स्टेशन रोड पर भामाशाह तनसिंह चौहान जन सेवा समिति की ओर से गर्मी से बचाव के लिए टेंट व कूलर लगाए गए हैं। इसी तरह कलिंगा होटल और कोतवाली क्षेत्र में भी टेंट और कूलर लगाए गए हैं। इसके साथ ही राहगीरों को ग्लूकोज भी दिया जा रहा है। बीकानेर के केईएम बाजार में नगर निगम ने पैदल चलने वालों को परेशानी न हो इसके लिए बाजार में टेंट लगा दिया है।

राजस्थान में भीषण गर्मी से बचाव के लिए अब सरकार ने स्थानीय निकायों को सार्वजनिक स्थानों पर छाया और पानी की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। सरकार ने इस काम के लिए भामाशाहों की भी मदद लेने को कहा है। सरकार ने बस अड्डे, मुख्य ट्रैफिक सिग्नल, पर्यटक स्थल और ऐसे सार्वजनिक स्थान जहां बड़ी संख्या में लोग रुकते हैं, बंद कर दिए हैं। वहां प्राथमिकता के आधार पर ऐसी व्यवस्था करने को कहा गया है। आपदा राहत प्रबंधन विभाग ने राज्य के सभी पर्यटक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर आने वाले लोगों के लिए ठंडा पेयजल और छाया के लिए ग्रीन शेड या अन्य व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही शहरी निकायों, यूआईटी, विकास प्राधिकरणों को शहरों के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंडों और ऐसे स्थानों पर जहां लोग सार्वजनिक परिवहन का इंतजार करते हैं या जहां लोगों की भीड़ जमा होती है, छाया और पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ेंः-ग्रामीणों ने बांधे लेपर्ड के पैर, चलती कार में तेंदुए ने चबाया फॉरेस्टर का हाथ

पूरा राजस्थान लू की चपेट में है। पिछले तीन दिनों में लू से 15 लोगों की मौत हो चुकी है। लू के कारण गुरुवार को छह और शुक्रवार को आठ लोगों की जान चली गयी। इसके अलावा एक मौत शनिवार सुबह हुई। लू की चपेट में आए इस युवक को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उधर, सरकारी आंकड़ों में अब तक गर्मी से कुल छह मौतें बताई जा रही हैं। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान जोधपुर के पास फलौदी में 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फलोदी में कल दिन में तेज गर्मी के साथ लू चली। इधर रात में भी लोग गर्मी से बेहाल रहे। न्यूनतम तापमान भी 34-35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

आंधी चलने से मिली राहत

प्रदेश में कल इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। फलोदी समेत छह शहरों में कल दिन का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। फलौदी के बाद दूसरा सबसे गर्म शहर जैसलमेर रहा, जहां तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर में तापमान 48.2 डिग्री, जोधपुर में 47.6, जालौर में 47.7 और डूंगरपुर में 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार देर रात गंगानगर-हनुमानगढ़ क्षेत्र में तेज धूल भरी आंधी चली। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। यहां तूफान की वजह से तापमान में भारी गिरावट आई है। कल दिन का अधिकतम तापमान हनुमानगढ़ में 43.8 डिग्री सेल्सियस था, जबकि गंगानगर में 46.6 डिग्री सेल्सियस था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)