ग्रामीणों ने बांधे लेपर्ड के पैर, चलती कार में तेंदुए ने चबाया फॉरेस्टर का हाथ

9
Leopard-attacks-forest-ranger-later-dies-bhilwara

Rajasthan: भीलवाड़ा जिले के एक गांव में लेपर्ड ने हमला किया तो ग्रामीणों ने उसे पकड़कर उसके हाथ पैर बांध दिए और वन विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची टीम उसे पकड़कर वन नाका ले गई। लेपर्ड को ले जाते समय रास्ते में लेपर्ड ने कार में फॉरेस्टर पर हमला कर दिया और उसका हाथ चबा गया। जिसके बाद कड़ी मशक्कत से लेपर्ड पर काबू पाया गया। वहीं दूसरी तरफ इलाज के दौरान बिजौलिया वन नाका में एक साल की मादा लेपर्ड की मौत हो गई। इस पूरे रेस्क्यू पर अब सवाल उठ रहे हैं कि, क्यों टीम बिना किसी तैयारी के रेस्क्यू करने पहुंची। मादा लेपर्ड की मौत का सही कारण भी सामने नहीं आया है।

रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने दी जानकारी 

 बता दें, जानकारी देते हुए मांडलगढ़ के रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि, कास्यां गांव में शुक्रवार शाम सात बजे लेपर्ड के हमले की जानकारी मिली थी। वहीं एक साल की मादा लेपर्ड ने यहां गांव के संजय धाकड़ और महेंद्र रैगर को घायल कर दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने लेपर्ड को पकड़कर उसके पैर बांध दिए। लेपर्ड के हमले में घायल महेंद्र रैगर ने बताया कि, गांव के मोक्ष धाम के पास शाम छह बजे के करीब लेपर्ड दिखाई दिया। वह पुलिया के नीचे छिपा था। लेपर्ड ने मेरे साथ खड़े आठ-दस लोगों के बीच में से अचानक देवीनिवास निवासी संजय का पैर पकड़ लिया। लेपर्ड ने अपने दांत उसके पांव (जांघ) में गड़ा दिए और वह नीचे गिर गया। संजय की जान को खतरे में देखकर मैंने तुरंत लेपर्ड की गर्दन पकड़ ली। वनकर्मी करीब आधे घंटे बाद पहुंचे और उसे अपनी कार में डालकर बिजौलिया की तरफ ले गए।

ये भी पढ़ें : भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने किया मतदान, PM MODI को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी

लेपर्ड ने चबाया फॉरेस्टर का हाथ 

लेपर्ड को बिना ट्रेंकुलाइज किए वनकर्मी लेपर्ड को लेकर रवाना हो गए। रास्ते में लेपर्ड ने आगे की सीट पर बैठे फॉरेस्टर प्रकाश शर्मा पर हमला कर दिया। लेपर्ड उनका हाथ चबा गया। उनके दोनों हाथों पर चोट आई है। शर्मा को बिजौलिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से भीलवाड़ा हॉस्पिटल रेफर किया गया। वहीं मांडलगढ़ रेंजर ने बताया कि, इलाज के दौरान बिजौलिया वन नाका में लेपर्ड की मौत हो गई। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। लेपर्ड का पोस्टमॉर्टम करवाकर दाह संस्कार किया जाएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)