Saturday, October 5, 2024
spot_img
spot_img
spot_img
HomeदेशHimachal Election Results 2022: कांग्रेस 38, बीजेपी 30 सीटों पर आगे, निर्दलियों...

Himachal Election Results 2022: कांग्रेस 38, बीजेपी 30 सीटों पर आगे, निर्दलियों की चार पर बढ़त

शिमलाः हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। चुनावी रुझानों के अनुसार सतारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। रुझानों में अभी तक कोई भी दल बहुमत के आंकड़े को नहीं छू पाया है। हालांकि विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा पर बढ़त बना ली है। कुछ सीटों पर निर्दलीय भी आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर पूर्वाह्न 11 बजे तक सभी 68 सीटों के लिए उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस 38 और भाजपा 30 सीटों पर आगे है। निर्दलीय उम्मीदवार चार सीटों पर आगे चल रहे हैं। राज्य विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 35 है।

चुनाव आयोग के मुताबिक सिराज सीट से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 22 हजार मतों से लीड कर रहे हैं। भाजपा के छह मंत्री वीरेंद्र कंवर, राकेश पठानिया, राजेंद्र गर्ग, राजीव सैजल, सुरेश भारद्वाज और सरवीण चौधरी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से पीछे चल रहे हैं। हमीरपुर, नालागढ़ और देहरा सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बनाई हुई है। हमीरपुर सीट से निर्दलीय आशीष शर्मा 800 मतों से आगे चल रहे हैं। नालागढ़ से केएल ठाकुर 1900 मतों से आगे हैं। देहरा से होशियार सिंह 1100 और बंजार से हितेश्वर सिंह 700 मतों से लीड कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें..Jhansi: राजनीतिक भागीदारी से दूर पिछड़ा वर्ग, उपेक्षा पर लोगों ने…

इन चार निर्दलियों से तीन भाजपा के बागी हैं। हरोली सीट से विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री 2 हजार मतों से आगे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू नादौन सीट से 3600 मतों से आगे चल रहे हैं। इसी तरह श्री नैना देवी सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर 900 मतों से आगे हैं। द्रंग सीट से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर दो हजार मतों से पीछे चल रहे हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री आशा कुमारी भी डल्हौजी सीट से चार हजार मतों से पीछे है। विधानसभा चुनाव में राज्य में 12 नवम्बर को रिकार्ड 75.60 फीसदी मतदान हुआ था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें