देश Featured

कोलकाता से दुबई जा रही फ्लाइट में 5 लोग निकले कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप

flydubai-airline

कोलकाताः महानगर कोलकाता में कोरोना संक्रमण में डरावने तरीके से इजाफा हो रहा है। वहीं अब जानकारी सामने आ रही है कि कोलकाता से दुबई जा रही फ्लाइट में सवार पांच लोग संक्रमित पाए गए हैं। एयरपोर्ट सूत्रों ने मंगलवार को बताया है कि सोमवार को कोलकाता से दुबई जाने वाली फ्लाइट में सवार लोगों के रैपिड एंटीजन टेस्ट सबसे पहले की गई। उनमें से पांच लोग पॉजिटिव पाए गए थे। उसके बाद नियमानुसार इन सभी की आरटी पीसीआर जांच भी की गई जिसकी रिपोर्ट पांच घंटे बाद आई और उसमें भी सारे लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।

ये भी पढ़ें..कोरोना के मामलों ने पकड़ी रफ्तार, देश में 37 हजार से ज्यादा मिले संक्रमित

दुबई की फ्लाइट एफजेड 8094 में ये सभी सवार थे

दुबई की फ्लाइट एफजेड 8094 में ये सारे लोग सवार थे। जो पांच लोग पॉजिटिव पाए गए उन्हें तुरंत बाकी यात्रियों से अलग कर आइसोलेट कर दिया गया और सभी यात्रियों के नाम पते लिख लिए गए हैं। संक्रमित लोगों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कर दिया गया है तथा उनकी सेहत पर नजर रखी जा रही है। ये पांचों यात्री जिन लोगों के संपर्क में थे उन्हें भी जांच कराने की हिदायत दी गई है।

सरकार ने लगाया लॉकडाउन

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में नियमित तौर पर संक्रमित होने वालों की संख्या कुल सैंपल जांच के 20 फ़ीसदी के करीब पहुंच गई है जो पूरे देश में सबसे ज्यादा है। सोमवार को महज 30 हजार लोगों के सैंपल जांचे गए थे जिनमें से छह हजार से अधिक लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य सरकार ने इसी वजह से आंशिक लॉकडाउन लगाया है तथा स्कूल, कॉलेज, पार्क, स्पॉ, जिम आदि को बंद कर दिया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)