प्रदेश बिहार क्राइम

खूनी संघर्ष में 11 लोग घायल, बीच बचाव करने पहुंची पुलिस को बनाया बंधक

 

बेगूसराय:  बिहार के बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव में दो पक्षों के बीच रविवार की सुबह हिंसक झड़प हो गई, जिसमें 11 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को आक्रोशित लोगों ने बंधक बना लिया। बाद में पहुंचे पुलिस एवं प्रशासन के उच्च अधिकारियों के काफी समझाने-बुझाने के बाद बंधक बने पुलिस कर्मियों को मुक्त कराया गया।

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि पांच-छह दिन पहले दो पक्षों के बच्चे मुर्दा नाला में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े में बात काफी आगे बढ़ गई और दोनों पक्ष के बड़े लोगों के बीच झड़प शुरू हो गयी। चार दिन से लगातार एक-दूसरे पक्ष के साथ मारपीट जारी थी। इसी दौरान शनिवार की देर शाम एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों को जमकर पीटा, जिसके बाद प्रथम पक्ष ने स्थानीय थाना को फोन कर इस संबंध में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में ले लिया। मौके पर लोगों ने पुलिस के साथ झड़प कर ली और पुलिस को सामुदायिक भवन में बंदी बना लिया। इसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ डाले।

यह भी पढ़ें- पति के नाम पर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर प्रेमी संग ऑस्ट्रेलिया घूम आई पत्नी, ऐसे हुआ खुलासा…

रविवार की सुबह फिर से दोनों पक्षों में हिंसक भिड़ंत हो गयी जिसमें दोनों पक्ष के 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को नियंत्रण करने के लिए कई थानों की पुलिस के साथ डीएसपी कुमार वीर धीरेंद्र, एसडीओ उत्तम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों के सहयोग से बंदी बनाए गए पुलिसकर्मियों को छुड़ाया गया। एक पक्ष के लोगों का कहना है कि रात में करीब तीन बजे के पुलिस समुदायिक भवन चौकी पहुंची और समुदायिक भवन के पास ही कर्मा-धर्मा पर्व मना रही लड़कियों व महिलाओं पर लाठीचार्ज किया जिसमें कई बच्चियां को चोट आई, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस को बंधक बना लिया था। फिलहाल पुलिस मामले को शांत कराने में जुटी हुई है, मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।