प्रदेश उत्तराखंड

सेल्फी लेने के चक्कर में पैर फिसलने से नदी में गिरा युवक, मौत

 

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मालदेवता से ऊपर एक युवक सेल्फी लेने के दौरान असंतुलित होकर नदी में गिर गया। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह लहरों में फंस गया। सूचना मिलने पर कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस करीब आठ किलोमीटर दूर उसका शव बरामद कर सकी।

एसएसपी अरुण मोहन जोशी के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक लड़का मालदेवता से आगे नदी में सेल्फी लेते हुए पैर फिसल जाने के कारण बह गया है। सूचना पर थानाध्यक्ष रायपुर आवश्यक उपकरणों व पुलिस बल सहित घटनास्थल पर पहुंचे। जांच पर पता चला कि घटनास्थल जनपद टिहरी क्षेत्र अंतर्गत है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों एवं उक्त युवक के परिचितों द्वारा बताया गया कि वे यहां मूर्ति विसर्जन के लिए आए थे। ये सभी टर्नर रोड क्लेमेंट टाउन के निवासी हैं। इनके साथ शुभम (22) पुत्र पूरण गौतम भी आया था, जो नदी में सेल्फी लेने के लिए गया था और अचानक पैर फिसल जाने से वह बह गया। इस सूचना पर क्षेत्राधिकारी नेहरू कॉलोनी पल्लवी त्यागी भी मौके पर पहुंचीं।

यह भी पढ़ें- दावा: CAA विरोधी प्रदर्शन को देशव्यापी बनाने की जीतोड़ कोशिश कर रहा था शरजील

क्षेत्राधिकारी पल्लवी त्यागी के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रायपुर अमरजीत सिंह एवं वरिष्ठ उप निरीक्षक रायपुर अजय रावत द्वारा पुलिस बल एवं आवश्यक उपकरणों के साथ नदी के किनारे- किनारे नीचे की तरफ बहे व्यक्ति शुभम की खोजबीन की गई। इस बीच स्थानीय लोगों द्वारा भी सूचना दी गई कि एक लड़का रायपुर स्टेडियम से आगे पुल के नीचे बहता हुआ देखा गया है। इस पर पुलिस टीम द्वारा उक्त स्थान पर नदी के किनारे किनारे उक्त लड़के को तलाश किया गया तो पुल से करीब एक किलोमीटर नीचे एक लड़के का शव नदी किनारे अटका दिखाई दिया, जिसे रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। मालदेवता से आगे जिस स्थान से शुभम नदी में बहा था, वहां से उसका शव करीब आठ किलोमीटर नीचे रायपुर स्टेडियम पुल से नीचे बरामद हुआ है।