प्रदेश Featured हरियाणा

भाजपा का विचार प्रभावी ढंग से जनता में पहुंचाएंगे तो हर चुनाव जीतेंगे: धनखड़

29gurp02_83-min

गुरुग्राम: निकाय चुनावों में पार्टी को मिली जीत के सप्ताह भर बाद ही हरियाणा भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनावों की तैयारी में जुट गई है। इसी संबंध में बुधवार को गुरुग्राम स्थित पार्टी कार्यालय गुरुकमल में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। खुद प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और संगठन मंत्री रविंद्र राजू ने कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र दिए।

प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में जीत के लिए पार्टी के विचारों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच में रखना जरूरी है। उन्होंने निकाय चुनाव में जीत का हवाला देते हुए कहा कि जहां-जहां हमने पार्टी के विचारों को जनता के बीच में प्रभावी तरीके से रखा, वहां-वहां पार्टी को सफलता मिली है। धनखड़ ने कहा कि आगामी चुनावों में भी हमें व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर अपनी पार्टी की विचारधारा जिसमें राष्ट्र प्रथम है, को जन-जन के बीच लेकर पहुंचना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी कार्य में सफलता प्राप्त करने के लिए उसकी पूर्व योजना महत्वपूर्ण होती है, इसलिए हमें आगामी चुनावों के लिए भी अभी से जुट जाना है।

श्री धनखड़ ने चुनावों में जीत के लिए पार्टी के विचार के अलावा, संगठनात्मक संरचना, टीम भावना, टीम में तालमेल, बेहतर प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं का पूरी मेहनत और लगन से कार्य करने की भावना को महत्वपूर्ण बताया। धनखड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सबसे पहले देश के बारे में सोचता है। देश के बाद पार्टी और फिर अपने बारे में सोचता है। राष्ट्र प्रथम की इसी भावना के चलते भाजपा केंद्र और अनेक राज्यों में सरकार बनाने में कामयाब हो रही है। श्री धनखड़ ने निकाय चुनाव में किए गए कार्य के लिए कार्यकर्ताओं की सराहना भी की इसके बाद संगठन मंत्री रविंद्र राजू ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठनात्मक चर्चा की। बैठक के दौरान पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा भी बैठक में पहुंचे। यहां उन्होंने भी संगठन के लिए बेहतर तरीके से कार्य करने के कुछ उदाहरण भी रखे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…