उत्तर प्रदेश

किसानों को समर्पित रहा यूपी दिवस, कृषि मंत्री ने कही ये बात

लखनऊः कृषि विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर 24 से 26 जनवरी तक कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें विभाग के अधिकारियों और किसानों का उत्साह बढ़ाने कृषि मंत्री सूर्यपताप शाही भी मौजूद रहे। कृषि विभाग की ओर से बताया गया कि सभी आयोजन किसानों को समर्पित थे। ये आयोजन कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में ही हुए। राज्य स्तरीय प्राकृतिक कृषि गोष्ठी में कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं ऑनलाइन की जा चुकी है। पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से निचले पायदान तक सरकार द्वारा किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। सोलर पंप पर छूट बढ़ाते हुए 30000 सोलर पंप की स्थापना किए जाने की व्यवस्था की गई है। प्राकृतिक खेती के लिए विभिन्न योजनाओं जैसे परंपरागत कृषि विकास योजना, बुंदेलखंड में प्राकृतिक खेती की योजना, नमामि गंगे जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को सहायता दी जा रही है। प्राकृतिक उत्पादों की टेस्टिंग के लिए मंडल स्तर पर एवं कृषि विश्वविद्यालय में लैब स्थापना की जानकारी दी गई। अपर मुख्य सचिव (कृषि) डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने कृषि के डिजिटलीकरण के महत्व को देखते हुए सरकार द्वारा एग्री स्टैक, ई-खसरा पड़ताल, फार्मर रजिस्ट्री एवं प्वाइंट ऑफ़ सेल मशीन के प्रयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में कृषकों का डेटाबेस तैयार हो जाने के बाद किसानों को घर बैठे ही समस्त सुविधा एवं लाभ तथा तमाम तकनीकी जानकारी प्राप्त हो सकेगी। प्राकृतिक खेती पर आयोजित संगोष्ठी में सब ट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर रिसर्च इंस्टीट्यूट, रहमान खेड़ा के वैज्ञानिक डॉ. सुशील कुमार शुक्ला, कृषि विज्ञान केंद्र लखनऊ के हेड डॉ. अखिलेश कुमार दुबे एवं कृषि विभाग की विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा गुप्ता के द्वारा प्राकृतिक खेती के विषय में तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। यह भी पढ़ेंः-Republic Day 2024: भारत के 75वें गणतंत्र दिवस पर दोस्तों और करीबियों को भेजे शुभकामना संदेश अपर मुख्य सचिव (कृषि), डॉ. देवेश चतुर्वेदी, सचिव कृषि, डॉ. राज शेखर, कृषि निदेशक डॉ. जितेंद्र कुमार तोमर के साथ-साथ कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं भारी संख्या में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कृषकों द्वारा प्रतिभागिता किया गया। इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के 15 किसानों को सम्मानित किया गया। अपर कृषि निदेशक (प्रसार) राजेंद्र कुमार सिंह एंव सहायक निदेशक संजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। रिपोर्ट- शरद त्रिपाठी, लखनऊ