Tuesday, March 18, 2025
spot_img
spot_img
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeटॉप न्यूज़Ukraine Russia War: यूक्रेन में भयावह मंजर, कीव क्षेत्र में मिले 400...

Ukraine Russia War: यूक्रेन में भयावह मंजर, कीव क्षेत्र में मिले 400 से अधिक शव

कीवः रूस के अपने सैनिकों को पीछे हटाने के बाद यूक्रेन की राजधानी कीव के पास के क्षेत्र बूचा समेत अन्य कस्बों और गांवों में नागरिकों के शव मिलने व नरसंहार के साथ बर्बरता के सबूत मिले हैं। कुछ के हाथ भी बंधे थे, तो कुछ को नजदीक से गोली मारी गई थी। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि कीव क्षेत्र के कस्बों में करीब 410 नागरिकों के शव मिले हैं। इसके बाद से यूक्रेन में रूसी सेना की आलोचना व निंदा तेज हो गई है। अमेरिका, फ्रांस और जर्मनी ने इसे गंभीर युद्ध अपराध मानते हुए रूस की कड़ी निंदा की है जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस नरसंहार के लिए रूस की निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उस पर और प्रतिबंध बढ़ाने की मांग की है। हालांकि रूस ने नागरिकों की सामूहिक हत्या में उसके सैनिकों के हाथ होने से इनकार किया है।

ये भी पढ़ें..श्रीलंका में संकट गहराया, इमरजेंसी के बीच आधी रात पूरी कैबिनेट ने दिया इस्तीफा

कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाके खाली करते हुए रूसी सेना यूक्रेन के उत्तर से निकल गई है लेकिन रविवार को पूर्वी यूक्रेन और यूक्रेनी बंदरगाहों पर रूसी हमले जारी रहे। शनिवार को रूसी सेना ने कीव के आसपास का इलाका खाली किया है। उसके बाद जैसे ही वहां पर यूक्रेन की सेना पहुंची तो बूचा कस्बे और कुछ अन्य इलाकों में नागरिकों के शव मिले। बूचा में करीब तीन सौ लोगों की सामूहिक कब्र होने का पता चला। क्षेत्र में बारूदी सुरंगें भी बिछी मिलीं, जिसके चलते आगे बढ़ते यूक्रेनी सैनिकों को विस्फोटों का सामना करना पड़ा। रूसी सेना की वापसी के बाद कीव के आसपास का इलाका अब पूरी तरह से यूक्रेन सरकार के कब्जे में आ गया है।

शवों पर रूसी सैनिकों की बर्बरता के निशान

नजदीक के इरपिन, बूचा, होस्टोमेल कस्बों सहित 30 कस्बों और गांवों में हालात सामान्य बनाने का कार्य रविवार को शुरू हो गया। कई स्थानों पर आमजनों की लाशें मिली हैं, जिन पर रूसी सैनिकों की बर्बरता के निशान हैं। कई जगहों पर लोगों के हाथ पीछे बांध कर गोली मारी गई है। इससे लोगों में गुस्सा है। यूक्रेन की उप विदेश मंत्री हन्ना मालियार ने हालात के जल्द सामान्य होने की संभावना जताई है। उल्लेखनीय है कि तुर्की में हुई वार्ता के दौरान रूस ने कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाकों से सेना हटाने की घोषणा की थी। मीकोलईव के काला सागर के किनारे स्थित बंदरगाह पर रूस ने मिसाइल हमला किया है। इसी प्रकार से ओडेसा बंदरगाह के नजदीक स्थित तेल गोदाम पर रूसी मिसाइलों का हमला हुआ है। मारीपोल बंदरगाह पर भी हमले की खबर है।

रूसी सेना ने रविवार को कीव से 50 किलोमीटर दूर स्थित वासिलकीव के यूक्रेनी सेना के एयर कमांड सेंटर पर मिसाइल से हमला किया। यह सेंटर रूसी हमले से पहले ही बर्बाद हो चुका है। इसमें कुछ गतिविधियां चल रही थीं, ताजा हमले से वे भी खत्म हो गई हैं। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके मिसाइल हमले में मध्य यूक्रेन में स्थित हवाई पट्टी नष्ट हो गई है। इसी तरह से यूक्रेन के दक्षिणी भाग में डिनिप्रो की हवाई पट्टी को नष्ट कर दिया गया है। इससे यूक्रेन की हवाई हमले की क्षमता कम हुई है। इन्हें मिलाकर यूक्रेन के 28 सैन्य ठिकानों को अभी तक नष्ट किया जा चुका है। नष्ट होने वाले ठिकानों में दो शस्त्रागार भी हैं।

यूक्रेनी सेना ने बताया है कि रूसी हवाई हमले से लुहांस्क क्षेत्र के सीवरो डोनेस्क और रूबीझेन में नुकसान हुआ है। यूक्रेनी सेना ने कहा है कि उसने लुहांस्क और डोनेस्क इलाकों शनिवार को हुए रूसी सेना के छह हमलों को विफल किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी सेना के निशाने पर देश का पूर्वी और दक्षिणी इलाका है। वह इन्हीं दोनों इलाकों पर कब्जा करना चाह रही है। हमारा लक्ष्य अपनी जमीन को दुश्मनों से बचाना है। इसके लिए हमें एंटी मिसाइल सिस्टम और अन्य आधुनिक हथियारों की जरूरत है, पश्चिमी देश हमें ये हथियार जल्द भेजें।

बेलगोरोद में फिर हुए धमाके

रूस के सीमावर्ती शहर बेलगोरोद में रविवार को दो तेज धमाके हुए। यह वही शहर है जहां शुक्रवार को तेल गोदाम में भीषण आग लगी थी और उसके लिए यूक्रेन के हेलीकाप्टर से हमले को जिम्मेदार ठहराया गया था। हालांकि यूक्रेन ने ऐसे किसी हमले से इन्कार किया है।

रूस को समझौते की उम्मीद

रूस ने जल्द ही यूक्रेन के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर होने के संकेत दिए हैं। रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन के अनुसार यूक्रेन में रूसी सेना ने विशेष सैन्य कार्रवाई के सभी लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया है। इसलिए अब हम शांति समझौता कर सकते हैं।

लिथुआनिया के निर्देशक की मौत

लिथुआनिया के फिल्म निर्देशक मेंटास क्वेदार्विसियस (45) की मारीपोल में मौत होने की सूचना है। वह रूसी हमले से पैदा हुए मुश्किल हालात पर डाक्युमेंट्री बना रहे थे। लिथुआनिया के राष्ट्रपति जितानास नौसेडा ने मेंटास की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए रूसी हमले की निंदा की है।

यूक्रेन के ओडेसा पर रूस का हमला

रविवार सुबह रूसी सेना ने दक्षिणी यूक्रेन में ओडेसा के काला सागर बंदरगाह पर एक हवाई हमला किया, जिससे शहर के कुछ हिस्सों में काले धुएं के बादल छा गए। रूसी सेना ने कहा कि ओडेसा के आसपास एक तेल प्रसंस्करण संयंत्र और ईंधन डिपो निशान थे, जो यूक्रेन का सबसे बड़ा बंदरगाह है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें