Jamshedpur की दो एनसीसी कैडेट नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में होंगी शामिल

117

जमशेदपुर (Jamshedpur): गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की दो एनसीसी कैडेटों का चयन हुआ है। दिल्ली में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस शिविर-2024 में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कुल 02 हजार 274 कैडेट भाग लेंगे। इसमें देशभर से 907 लड़कियां भाग लेंगी। यह शिविर एक माह तक चलेगा।

गणतंत्र दिवस के लिए जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की एनसीसी कैडेट अनमोल परी मिश्रा और काजल शर्मा का चयन किया गया है। विश्वविद्यालय की कैडेट अनमोल परी मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ कैडेट और कैडेट काजल शर्मा को कर्तव्य पथ के लिए चुना गया है। अनमोल परी मिश्रा बिहार और झारखंड राज्य की एकमात्र महिला कैडेट हैं, जिन्हें सर्वश्रेष्ठ कैडेट के लिए चुना गया है।

यह भी पढ़ें-साहिबगंज में ED की छापेमारी, DC के कार्यालय से 36 लाख बरामद, 30 बैंक खाते सीज

राष्ट्रीय एकता को भी बढ़ावा देता है शिविर

इस संबंध में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने कहा कि गणतंत्र दिवस शिविर का उद्देश्य एनसीसी कैडेटों को राष्ट्र की समृद्ध परंपराओं से परिचित कराना और मूल्य प्रणाली के साथ कैडेटों को सशक्त बनाना है। शिविर राष्ट्रीय एकता को भी बढ़ावा देता है और सांस्कृतिक विचारों और कार्यक्रमों के आदान-प्रदान के माध्यम से विविधता में एकता का विस्तार करता है।

कुलपति ने दी बधाई

कुलपति ने 37 झारखंड बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनय आहूजा और विश्वविद्यालय के एनसीसी के केयरटेकर ऑफिसर प्रीति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके अभूतपूर्व योगदान के कारण ही जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की दोनों एनसीसी कैडेट दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में पहुंच सकीं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)