खेल Featured

टोक्यो पैरालंपिक : प्रवीण कुमार ने पुरुष हाई जंप में जीता रजत पदक

Praveen Kumar

टोक्योः टोक्यो पैरालंपिक में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। वहीं भारतीय पैरा एथलीट प्रवीण कुमार ने पुरुष हाई जंप टी44 वर्ग में रजत पदक जीत कर भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया है। इसी के साथ ही भारत ने पैरालंपिक में अब तक 11 पदक जीत लिये हैं।

ये भी पढ़ें..नए जजों की नियुक्ति से मुकदमों के बोझ से मुक्ति मिलेगी !

ऊंची कूद स्पर्धा में भारत के अब 4 पदक

बता दें कि टोक्यो पैरालंपिक की ऊंची कूद स्पर्धा में भारत के अब 4 पदक हो गए हैं। इससे पहले ऊंची कूद की टी63 स्पर्धा में भारत के मरियप्पन थंगावेलु ने रजत और शरद कुमार ने कांस्य पदक जीता था, जबकि निषाद कुमार ने टी47 में रजत पदक जीता था। यूपी के नोएडा के रहने वाले 18 वर्षीय प्रवीण ने 2.07 मीटर की कूद लगाई और एशियाई रिकॉर्ड के साथ रजत पदक जीता। स्पर्धा का स्वर्ण ग्रेट ब्रिटेन के ब्रूम-एडवर्ड्स जोनाथन (2.10 मीटर) ने जीता, जबकि पोलैंड के लेपियाटो मासिएजो (2.04 मीटर) ने कांस्य पदक पर कब्जा किया।

गौरतलब है कि भारत ने पैरालंपिक में अब तक 11 पदक जीत लिये हैं। भारत के खाते में अब 2 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदक हैं। यह पैरालंपिक के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले रियो पैरालंपिक (2016) में भारत ने 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीते थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)