दिल्ली क्राइम

बेखौफ चला रहे थे अवैध हुक्का बार, पुलिस ने छापा मार तीन को पकड़ा

blog_image_661160bd2cc69

Delhi Crime: न्यू अशोक नगर इलाके में चल रहे अवैध हुक्का बार पर पुलिस ने आधी रात को छापा मारा। हुक्का बार में न सिर्फ प्रतिबंधित हुक्का बेचा जा रहा था बल्कि शराब भी परोसी जा रही थी। पुलिस ने यहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक हुक्का बार का मालिक भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम (24), लकी (18) और अभि रावत (23) के रूप में हुई है। शिवम एक हुक्का बार का मालिक है। वह बिना अनुमति के फूड कैफे की आड़ में अवैध हुक्का बार चला रहा था। पुलिस ने उनके हुक्का बार से चार हुक्के, भारी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू, उत्तर प्रदेश में बिकने वाली आठ शराब की बोतलें और अन्य सामान बरामद किया। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कितने दिनों से वारदात को अंजाम दे रहा था। आरोपी शिवम से पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ें- INDIA गठबंधन को बड़ा झटका, सपा उम्मीदवार मीरा यादव का नामांकन रद्द

डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उनकी टीम को सूचना मिली कि न्यू कोंडली इलाके की एक बिल्डिंग में अवैध हुक्का बार चल रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम बिल्डिंग की पहली मंजिल पर पहुंची। यहां गोल्डन एरा के नाम से एक फूड कैफे था। अंदर कुछ लड़के बैठे खुलेआम हुक्का पी रहे थे। पुलिस ने मौके से शिवम समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया। वहां से प्रतिबंधित तंबाकू, शराब व अन्य सामान बरामद किया गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)