प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured क्राइम

Firozabad: दोस्त की मौत का गम बर्दाश्त नहीं कर सका युवक, जलती चिता में कूद दे दी जान

firozabad फिरोजाबादः जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत दोस्त से बिछड़ने का गम एक युवक बर्दाश्त नहीं कर सका और अपने मित्र की जलती चिता में छलांग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां युवक ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह दो दोस्ती की 30 साल की दोस्ती का दर्दनाक अंत हो गया। मिली जानकारी के अनुसार नगला खंगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत मढ़ैया नादिया और गढ़िया पंचवटी गांव का है। यहां रहने वाले अशोक और गौरव में काफी लंबे समय से गहरी मित्रता थी। अशोक और गौरव विभिन्न कार्यक्रमों में साथ ही काम करते थे। एक ढोलक तो दूसरा मजीरा बजाता था। सब कुछ ठीक चल रहा था। तभी अचानक अशोक को कैंसर की बीमारी हो गई। जिसके चलते वह कमजोर होने लगा और कार्यक्रमों में भी कम जाने लगा। अषोक के बिना गौरव का भी कहीं मन नहीं लगता था। वह अपना ज्यादातर समय अपने दोस्त के साथ ही बिताने लगा और उसे हिम्मत बंधाता था कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शनिवार को अचानक अशोक की तबियत ज्यादा बिगड़ गयी और उसकी मौत भी हो गयी। अशोक की मौत होने की खबर मिलते ही गौरव बेसुध हो गया। ये भी पढ़ें..दशहरी की खुशबू से महकने लगा बाजार, अब लोगों को बस... इसके बाद अपने मित्र को अंतिम विदाई देने के लिए गौरव यमुना घाट स्थित अन्त्येष्टि स्थल पहुंचा। वहां वह अपने मित्र की अंतिम यात्रा को भावुक होकर देखता रहा। चिता के जलने के बाद वह परिजन और गांव के लोग वहां से लौटने लगे। तब भी गौरव वहीं पर बैठा हुआ चिता को देखता रहा। इसके बाद अचानक वह उठा और चिता में छलांग लगा दी। लोगों ने गौरव को चिता में कूदते देखा तो दौड़ते हुए वहां पहुंचे और लकड़ी की मदद से गौरव को बाहर निकाला। लेकिन चिता की तेज लपटों के चलते गौरव गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीण उसे सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। आगरा में इलाज के दौरान गौरव ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह अपने जिगरी दोस्त अशोक के साथ गौरव ने भी इस दुनिया को अलविदा को कह दिया। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)