बिहार

नालंदा सदर अस्पताल का हाल बेहाल, टार्च की रोशनी में हो रहा मरीजों का इलाज

nalanda-sadar-aspatal

नालंदा का सदर अस्पताल आए दिन किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहता है। कभी डॉक्टर लापता, तो कभी मरीजों से इलाज के नाम पर अवैध तरीके से पैसे वसूलने के मामले सामने आते रहते है। वहीं अब शनिवार रात अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड और SNCU वार्ड में बिजली गुल हो गई जिससे मरीजों को काफी मुशकिलों का सामना करना पड़ा। यह हालत तब है, जब मिशन 60 के तहत अस्पतालों को अपग्रेड किया गया है। अस्पताल में आए दिन इस तरह की अव्यवस्था आम है। 

टार्च की रोशनी में हो रहा मरीजों का इलाज 

 बिजली गुल होने पर डॉक्टर टार्च की रोशनी में मरीजों का इलाज करने को मजबूर हैं। बताया जा रहा है कि, अस्पताल में बिजली गुल होने पर SNCU के लिए बैकअप के रूप में इनवर्टर और जेनसेट की सुविधा भी है, लेकिन वो सिर्फ प्रदर्शनी की वस्तु बनकर रह गई है। एसएनसीयू वार्ड में कई नवजात भी भर्ती हैं जिनको भयानक गर्मी में करीब एक घंटा बिना बिजली के रहना पड़ा।

ये भी पढ़ें: अनुराग ठाकुर का विपक्ष पर हमला, कहा-जनता की कमाई घुसपैठियों में बांटना चाहती है कांग्रेस

एक नवजात मरीज की परिजन बिंदा देवी ने कहा कि, बिजली न होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वे किसी प्रकार समय काटते रहे। बिजली न होने पर अस्पताल प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। इस संबंध में नालंदा सिविल सर्जन श्यामा राय ने कहा कि, उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। अस्पताल उपाधीक्षक एवं एकाउंटेंट से जानकारी ली जा रही है। यह घोर लापरवाही है। किन कारणों से बिजली की सप्लाई ठप थी, यह पता लगाया जा रहा है। 

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)