प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

कल्याण सिंह के निधन पर स्वतंत्रदेव सिंह बोले- ‘बाबूजी’ का जाना एक युग का अंत

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर कहा कि ‘बाबूजी’ हमारे बीच नहीं रहे। उनका जाना एक युग का अंत होने जैसा है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने कहा कि रामलला के सच्चे सेवक, पूर्व राज्यपाल एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हमारे अभिवावक कल्याण सिंह ‘बाबू जी’ जैसा महान व्यक्तित्व का स्वर्गवास, पार्टी ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि बाबू जी का जाना एक युग का अंत होना है।

उन्होंने कहा कि वह एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के हर हिस्से की सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक समीकरण की बारीकियों को गहराई से समझने वाले अनुभवी राजनेता भी थे। भाजपा के लिए वह ऐसे महान नेता थे, जिन्हें हर वर्ग अपना समझता था और कार्यकर्ता एक अभिभावक के रूप में देखता था। बाबूजी जनसंघ काल से लेकर भाजपा के निर्माण और संगठन को निरंतर ऊंचाई पर ले जाने वाले सर्वमान्य नेता थे। उन्होंने कहा कि भाजपा को वटवृक्ष बनाने में उनका अमूल्य योगदान रहा। वह आजीवन प्रदेश की सेवा के लिए समर्पित रहे, उनके लिए पूरा प्रदेश ही परिवार था। उनके विचार और समाज के लिए उनके द्वारा किये गए महान कार्य आने वाली अनेकों पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करते रहेंगे।

यह भी पढ़ें-पंजाब में फिर घमासान, सीएम अमरिंदर ने सिद्धू के सलाहकारों को...

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रभु श्रीराम के प्रति उनकी आस्था अटूट रही, उन्होंने मुख्यमंत्री पद को त्याग कर विश्व को आस्था और संकल्प का एक अविस्मणीय उदाहरण दिया था। बाबूजी का आशीर्वाद, स्नेह और मार्गदर्शन मुझे हमेशा मिलता रहा। मुझ जैसे करोड़ों कार्यकर्ताओं को अपनी छांव में रखने वाले बाबूजी को मैं पुनः शत-शत नमन करता हूं। प्रभु श्रीराम उनको अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं उनके परिजनों व चाहने वालों को यह वज्राघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)