प्रदेश Featured महाराष्ट्र

Maharashtra: उद्धव सरकार में निलंबित डीसीपी पराग मनेरे को शिंदे सरकार ने किया बहाल

parag-manere2-min

मुंबई : महाराष्ट्र में शिंदे-फडणवीस सरकार ने वसूली मामले में निलंबित पुलिस अधिकारी पराग मनेरे (Parag Manere) का आज निलंबन रद्द कर दिया है। पराग मनेरे (Parag Manere) को कल्याण और ठाणे में रंगदारी वसूली मामले में पिछली सरकार ने पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के साथ निलंबित कर दिया था। शिंदे-फडणवीस सरकार का यह निर्णय पिछली सरकार को एक और झटका बताया जा रहा है। इससे पहले सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कई निर्णय रद्द कर चुके हैं।

ये भी पढ़ें..Delhi Violence: खालिद उमर व शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर…

गौरतलब है कि तत्कालीन सरकार में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपये की रंगदारी का आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने परमबीर सिंह और उनके मातहत पुलिस अधिकारियों की जांच शुरू करायी थी। इसके बाद कल्याण शहर के बाजार पेठ और ठाणे के कोपरी पुलिस स्टेशनों में परमबीर सिंह और उनके मातहत डीसीपी पराग मनेरे (Parag Manere) के विरुद्ध धमकी देकर रंगदारी वसूलने का मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले के आधार पर तत्कालीन राज्य सरकार ने परमबीर सिंह और पराग मनेरे को निलंबित कर दिया था लेकिन राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद आज शासन ने पराग मनेरे का निलंबन रद्द कर दिया।

शिंदे और फडणवीस सरकार का कहना है कि पुलिस अधिकारियों के निलंबन से पुलिस बल का मनोबल प्रभावित होता है। इससे पहले राज्य सरकार पिछली सरकार का मेट्रो कारशेड, मुंबई नगरनिगम में प्रभाग रचना सहित कई निर्णय रद्द कर चुकी है। परमबीर सिंह की वसूली के आरोप के बाद पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को मनी लाड्रिंग मामले में पहले ही गिरफ्तार किया चुका है और वे न्यायिक कस्टडी में हैं।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…