Surya Grahan 2023: साल का अंतिम सूर्य ग्रहण कल, जानें समय व प्रभाव

3685

भोपाल: भारत में आश्विन कृष्ण पक्ष (पितृपक्ष) की अमावस्या (Sarva Pitru Amavasya 2023) का पर्व 14 अक्टूबर यानी कल मनाया जाएगा। इस दौरान जब भारत में सूर्य अस्त हो रहा होगा तो कुछ देर बाद पश्चिमी देशों जैसे मैक्सिको, मध्य अमेरिका, कोलंबिया, ब्राजील आदि में वलयाकार सूर्य ग्रहण (Surya Grahan 2023) होगा। चूंकि ग्रहण के समय रात है, इसलिए सूर्य ग्रहण का प्रभाव भारत में नहीं होगा। यह जानकारी शुक्रवार को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने दी।

कितने बजे शुरू होगा सूर्य ग्रहण

उन्होंने बताया कि सूर्य ग्रहण (Surya Grahan 2023) का पथ प्रशांत महासागर में दक्षिणी कनाडा के तट से शुरू होगा। पश्चिमी देशों में लगने वाला यह सूर्य ग्रहण वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय समय के मुताबिक, ग्रहण रात 8:33:50 बजे शुरू होगा, जबकि रात 11:29:32 बजे यह अपने चरम पर होगा। इसके बाद यह रात 2 बजकर 25 मिनट 16 सेकेंड पर समाप्त होगा।

ये भी पढ़ें..पितृ पक्ष: पितरों को करें प्रसन्न

क्या है वलयाकार सूर्यग्रहण

वलयाकाल सूर्यग्रहण (Surya Grahan 2023) उस स्थिति को कहा जाता है जब सूर्य का केवल बाहरी हिस्सा चमकता है। यह देखने में आग के एक छल्ले जैसा दिखता है, इस वजह से इसे रिंग ऑफ फायर भी कहा जाता है।

इस साल चार ग्रहण

इस साल चार ग्रहण हैं, जिसमें पहला सूर्य ग्रहण (Surya Grahan 2023) 20 अप्रैल को और पहला चंद्र ग्रहण 5 मई को लगा था। अब साल का दूसरा व अंतिम सूर्य ग्रहण शनिवार को लगेगा। उन्होंने बताया कि आगामी शरद पूर्णिमा (Sharad Purnima) पर पड़ने वाला चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)