Home फीचर्ड Subrata Roy: दो हजार रुपये से की थी बिजनेस की शुरुआत, ऐसे...

Subrata Roy: दो हजार रुपये से की थी बिजनेस की शुरुआत, ऐसे खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य

Subrata-Roy

Subrata Roy, लखनऊः सहारा ग्रुप के मुखिया सुब्रत रॉय (Subrata Roy) का मंगलवार (14 नवंबर) देर रात निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। ब्रत रॉय का जन्म 10 जून 1948 को बिहार के अररिया में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा कोलकाता के होली चाइल्ड स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की।

देशभर में उन्हें ‘सहाराश्री’ के नाम से भी जाना जाता था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से महज दो हजार रुपये से काम शुरू किया और उनकी किस्मत ऐसी चमकी कि देखते ही देखते दो लाख करोड़ रुपये का साम्राज्य खड़ा हो गया। बिजनेस का परचम सिर्फ उत्तर प्रदेश और देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी लहराया।

सहारा ग्रुप के मुखिया सुब्रत रॉय की जीवन यात्रा

सुब्रत रॉय का जन्म 10 जून 1948 को एक बंगाली परिवार में हुआ था। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उन्होंने नौकरी करना शुरू कर दिया। साल 1978 में सुब्रत रॉय ने अपने एक दोस्त के साथ स्कूटर पर बिस्किट और नमकीन बेचना शुरू किया। मात्र 2000 रुपये और एक स्कूटर से गोरखपुर शहर में अपना छोटा सा व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने इसे एक कमरे में दो कुर्सियों और एक स्कूटर के साथ शुरू किया और फिर अपनी इच्छा शक्ति के दम पर इसे एक बड़े साम्राज्य में बदल दिया। वह सहारा ग्रुप के संस्थापक बने और 2 हजार रुपये से 2 लाख करोड़ रुपये तक का सफर तय किया। कुछ ही समय में सुब्रत रॉय देश-दुनिया में एक बड़े बिजनेसमैन के रूप में जाने जाने लगे।

सहारा इंडिया का साम्राज्य शेयर बाजार तक फैला हुआ था

समय के साथ सुब्रत रॉय बिजनेस के क्षेत्र में जाने-माने बिजनेसमैन बन गए और सहारा ग्रुप का विकास हुआ। एक समय सहारा इंडिया ग्रुप की 4 हजार से ज्यादा कंपनियां स्थापित थीं। इनमें से 4 शेयर बाजार में लिस्ट हुए। सहारा समूह वर्षों तक भारतीय क्रिकेट टीम और भारतीय हॉकी टीम का प्रायोजक रहा। इतना ही नहीं सहारा ने लखनऊ में सहारा शहर भी बसाया। जिसमें हेलीपैड, क्रिकेट स्टेडियम, गोल्फ कोर्ट, थिएटर और पेट्रोल पंप जैसी सभी तरह की सुविधाएं मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें..Bhai Dooj: पीएम मोदी, शाह और नड्डा समेत तमाम नेताओं ने दी भाई दूज की बधाई

अमेरिका में भी स्थापित किया अपना कारोबार

सुब्रत रॉय ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर देश के कोने-कोने तक अपना कारोबार शुरू किया। उन्होंने मुंबई में एंबी वैली टाउनशिप भी बनाई। वहां भी सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इतना ही नहीं, सहाराश्री ने देश छोड़कर विदेशों में भी अपना कारोबार फैलाया। उन्होंने अमेरिका में दो आलीशान होटल भी खोले। कुछ ही समय में सुब्रत रॉय ने इतना बड़ा साम्राज्य खड़ा कर लिया जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

सहारा प्रमुख का विवादों से भी रहा नाता

सहारा (Sahara India Pariwar) प्रमुख सुब्रत रॉय का विवादों से भी नाता रहा है। विवादों के चलते उन्हें जेल भी जाना पड़ा और वह जमानत पर थे। उन पर लोगों को पैसे न देने का आरोप था। इस मामले की सुनवाई पटना हाई कोर्ट में चल रही थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी। इस मामले में सहारा इंडिया का दावा है कि उन्होंने लोगों को दी जाने वाली रकम सेबी के पास जमा करा दी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version