Featured आस्था

50 साल बाद अक्षय तृतीया पर बन रहा विशेष संयोग, जानें शुभ मुहूर्त

नई दिल्लीः अक्षय तृतीया पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। पर्व इस बार तीन मई (मंगलवार) को है। खास बात यह है कि इस बार 50 वर्षों बाद ग्रहों का विशेष संयोग बन रहा हैं। पंचग्रहों के सात महायोग में पर्व को मनाया जायेगा। ज्योतिषाचार्यो के मुताबिक प्रत्येक वर्ष बैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को विशेष मुहूर्त होता है, इसे अक्षय तृतीया के नाम से भी जाना जाता है।

अक्षय तृतीया का शुभ मुहूर्त
तृतीया तिथि 3 मई को सुबह 5 बजकर 19 मिनट से शुरू होकर 4 मई की सुबह 7 बजकर 33 मिनट तक रहेगी। इस दिन रोहिणी नक्षत्र सुबह 12 बजकर 34 मिनट से 4 मई की सुबह 3 बजकर 18 मिनट तक रहेगा।

नया कार्य शुरू करने के लिए शुभ दिन
सनातन धर्म में इस दिन कोई भी नया कार्य शुरू करने का विशेष मुहूर्त होता है। अक्षय तृतीया पर इस बार सूर्य, चंद्र और शुक्र उच्च राशि में गुरु और शनि अपनी ही राशि में रहेंगे। इसके साथ ही केदार, शुभकर्तरी, उभयचरी, विमल, सुमुख, शोभन और मातंग योग का महासंयोग निर्मित हो रहा है। रोहिणी नक्षत्र और शोभन योग की वजह से मंगल रोहिणी योग बन रहा है। इस योग में चार बड़े राशि अपने उच्च भाव में होंगे। ऐसे में इस बार की अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है। अक्षय तृतीया के दिन भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्म हुआ था। अक्षय तृतीया के दिन ही भगवान कृष्ण की वजह से द्रौपदी को अक्षय कलश की प्राप्ति हुई थी। इसी दिन सागर मंथन की शुरुआत भी हुई थी और उसमें से निकलने वाला अमृत कलश पात्र में भी भरा था। माना जाता है कि कलश में 33 हजार करोड़ देवी- देवताओं का वास होता है। इसलिए अक्षय तृतीया के दिन कलश पूजन का विशेष महत्व होता है। इस दिन लोग विवाह के साथ वस्त्र, आभूषण, भवन व वाहन आदि की खरीदारी करना शुभ मानते है।

ये भी पढ़ें..रूस ने लगाया गंभीर आरोप, कहा- यूक्रेन ने अपने ही नागरिकों...

उधर, शुभयोग में वैवाहिक समारोह के साथ सोने के आभूषण, भूमि-भवन, वाहन, बर्तन, फर्नीचर, कीमती वस्त्र खरीदना शुभ होता है। मान्यता है कि इस दिन महादेव ने कुबेर को खजाना व माता लक्ष्मी को धन की देवी होने का आशीर्वाद दिया था। इस दिन की गई खरीदारी सुख व समृद्धि देने वाली मानी जाती है। धार्मिक मान्यता यह भी है कि अक्षय तृतीया के दिन जो लोग सोने की खरीददारी करते हैं, उनकी किस्मत साल भर तक सोने की तरह चमकती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)