Uncategorized

लोकसभा अध्यक्ष बोले- गीता किसी भाषा, प्रांत या धर्म की नहीं, संपूर्ण मानवता का ग्रंथ है

Lok Sabha Speaker Om Birla meets the Indonesian Speaker of the House of Representatives, Puan Maharani

चंडीगढ़: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि गीता किसी भाषा, प्रांत, धर्म की नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता का ग्रंथ है। यह ग्रंथ हमारे जीवन की पाठशाला है। हम इसे पढ़कर अपने जीवन की सही राह पर बढ़ सकते हैं। यह हमें जीवन जीने का रास्ता बताती है। लोकसभा अध्यक्ष ने यह बात शनिवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में कही। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे ।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सबसे पहले गीता ज्ञान संस्थानम में पहुंचकर जीयो गीता सभागार का लोकार्पण किया। इसके बाद गीता ज्ञान संस्थानम और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित छठी अंतर्राष्ट्रीय विचार गोष्ठी को संबोधित किया। इस मौके पर ओम बिरला ने कहा कि हरियाणा की ऐतिहासिक भूमि कुरुक्षेत्र पूरे विश्व को जीवन जीने का मार्गदर्शन कर रही है। स्वयं महात्मा गांधी मानते थे कि जैसे हमें मां पालती है, उसी तरह पवित्र ग्रंथ गीता हमें नई प्रेरणा देता है। व्यक्ति के जीवन में अंधकार या कठिनाई होती है तो गीता हमें राह दिखाती है। गीता के छोटे से सार को पढ़ने के बाद जीवन के हर संशय को दूर किया जा सकता है।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि हमें चुनौतीपूर्ण और संघर्षपूर्ण जीवन जीना है तो पवित्र ग्रंथ गीता पढ़नी चाहिए। महाभारत में भी जब अर्जुन संशय में थे तो भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया। पांच हजार वर्ष बाद भी गीता का सार प्रासंगिक है। व्यक्ति सामाजिक जीवन में कठिनाई में उलझता है तो गीता से राह मिलती है। कर्मयोग में लिखा है कि मनुष्य को कर्म करना चाहिए। यदि व्यक्ति कर्म को कर्तव्य मानकर चलेगा तो लक्ष्य की प्राप्ति होगी। कई बार लक्ष्य की प्राप्ति न होने पर निराशा भी होगी लेकिन पवित्र ग्रंथ गीता हमारी निराशा को खत्म करने का काम करती है।

यह भी पढ़ेंः-धोखाधड़ीः स्टेट डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर महिला से लाखों हड़पे

इस मौके पर गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, खेल मंत्री सरदार संदीप सिंह, कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी, अंबाला के सांसद रतनलाल कटारिया, रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा, सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल, थानेसर विधायक सुभाष सुधा, स्वदेशी जागरण मंच के सतीश कुमार, भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)