Sonia Gandhi: कांग्रेस संसदीय दल की नेता और राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा के कुछ सांसदों ने विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। यह नोटिस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर उनकी टिप्पणियों के खिलाफ है। इसके अलावा भाजपा सांसदों ने इसी तरह की टिप्पणी करने वाले निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ भी विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।
40 भाजपा सांसदों ने उपराष्ट्रपति से की मुलाकात
करीब 40 भाजपा सांसदों ने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए कांग्रेस संसदीय दल की नेता और राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया। नोटिस में लिखा है, “हम हाल ही में सोनिया गांधी द्वारा की गई कुछ असंसदीय, अपमानजनक टिप्पणियों के बारे में बहुत निराशा के साथ यह लिख रहे हैं। राष्ट्रपति के खिलाफ सोनिया गांधी की टिप्पणियों पर गंभीरता से विचार करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को कहा था बेचारी
राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी ने 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन के बाद कहा था कि ‘बेचारी’ अपने संबोधन के अंत तक थक गई थीं और मुश्किल से बोल पा रही थीं। इस टिप्पणी ने एक बड़े विवाद को जन्म दिया, जिसमें राष्ट्रपति भवन ने कहा कि यह “बुरी भावना से प्रेरित, दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य” है। राष्ट्रपति भवन ने एक बयान जारी कर कहा था कि टिप्पणी ने स्पष्ट रूप से उच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई भाजपा नेताओं ने भी सोनिया गांधी की टिप्पणी की निंदा की। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की।
ये भी पढ़ेंः- Unnao Rape Case: उन्नाव रेप के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को आंख के ऑपरेशन के लिए मिली अंतरिम जमानत
पप्पू यादव ने अपमानजनक और निंदनीय शब्दों का किया था प्रयोग
दूसरी ओर, भाजपा सांसदों ने पूर्णिया से निर्दलीय सांसद (लोकसभा सदस्य) पप्पू यादव के खिलाफ भी लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस दिया है। भाजपा सांसदों ने सांसद पप्पू यादव द्वारा “सर्वोच्च पद की गरिमा को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रपति के खिलाफ अपमानजनक और निंदनीय शब्दों का प्रयोग” करके संसदीय विशेषाधिकार, नैतिकता और मर्यादा के उल्लंघन का नोटिस पेश किया। पप्पू यादव ने कहा था कि राष्ट्रपति सिर्फ एक मोहर हैं, उन्हें सिर्फ प्रेम पत्र पढ़ना है। भाजपा ने भी इन बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई थी।