देश Featured

Snowfall in Shimla: शिमला में बर्फबारी शुरू, खुशी से झूमे पर्यटक

Snowfall in Shimla: पहाड़ों की रानी शिमला में आखिरकार दो साल बाद बर्फबारी हुई। शिमला शहर में गुरुवार दोपहर से रुक-रुककर हल्की बर्फबारी हो रही है। शिमला में आखिरी बार 5 फरवरी 2022 को बर्फबारी हुई थी। लंबे समय बाद बर्फबारी होने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पर्यटक और स्थानीय लोग ऐतिहासिक रिज मैदान और माल रोड पर नाच-गाकर बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं।

पर्यटन कारोबार को मिलेगी गति

बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है। शिमला में बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार था। बुधवार को दिनभर बारिश होती रही। रात को भी बादल जमकर बरसे। शहर में आज सीजन की पहली बर्फबारी हुई। शिमला से सटे पर्यटक स्थलों कुफरी, फागू और नारकंडा में भी बुधवार से बर्फबारी हो रही है। इन जगहों पर बर्फ की मोटी चादर जम गई है। यहां मौजूद पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं। ताजा बर्फबारी के कारण शिमला में पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी देखी जा रही है और पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं। ये भी पढ़ें..Himachal Weather: कुल्लू व लाहौल स्पीति में बारिश व बर्फबारी जारी, बढ़ी ठंड

खेती के लिए फायदेमंद है बर्फबारी

शिमला में बर्फबारी का मौसम दिसंबर से शुरू होता है, लेकिन इस बार सीजन की पहली बर्फबारी फरवरी में हुई है। क्रिसमस और नए साल के मौके पर यहां बर्फबारी न होने से पर्यटक काफी निराश थे। शिमला से सटे पर्यटक स्थलों में भारी बर्फबारी ने पर्यटकों को खासा रोमांचित कर दिया है। इस बार पिछले साल के मुकाबले ज्यादा बर्फबारी देखने को मिली है। बर्फबारी सेब समेत बागवानी और खेती के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है। बारिश और बर्फबारी के कारण शिमला में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां का न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)