देश Featured

Sikkim Flood: सिक्किम त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 56, 105 अभी भी लापता

Sikkim-Flood Sikkim Flood: सिक्किम में तीस्ता नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है। जबकि 26 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, 105 लोग अभी भी लापता हैं। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, तीस्ता नदी में आई बाढ़ से पांचवें दिन भी मरने वालों की संख्या 33 तक पहुंच गई है। मृतकों में मंगन जिले के 4, गंगटोक जिले के 6 और नामची जिले के 2 लोग शामिल हैं। सबसे ज्यादा 21 लोग पाकिम जिले से हैं, जिनमें 9 सेना के जवान शामिल हैं।

60,000 से अधिक लोग प्रभावित

बाढ़ से 90 गांव/वार्ड/नगर पंचायत के 60,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण 1,655 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनमें से 1,320 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अब तक कुल 2,707 लोगों को बचाया गया है और 6,847 लोग 28 राहत शिविरों में हैं। सिक्किम की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के लिए सिक्किम आये भारत सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने आज उत्तरी जिला अंतर्गत नागा में प्रकोप प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने राज्य के सभी प्रभावित परिवारों को केन्द्र सरकार की ओर से राहत एवं सहायता का आश्वासन दिया। ये भी पढ़ें..Himachal: हिमाचल में बदलेगा मौसम, बारिश व बर्फबारी के साथ लौटेगी ठंड

सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने आज डिक्चू के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और वहां की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उन सभी परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 50,000 रुपये दिए हैं जिनके घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं और मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से प्रत्येक को 1 लाख रुपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को 10-10 हजार रुपये की तत्काल सहायता भी प्रदान की। इस बीच उत्तरी सिक्किम के चुंगथांग में फंसे पर्यटकों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। 4 अक्टूबर की आपदा में सड़क संपर्क टूटने के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटक फंस गए थे। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)