प्रदेश मध्य प्रदेश Featured

राजधानी में तीखे हुए ठंड के तेवर, आने वाले दिनों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

cold winter morning

 

भोपाल: मध्य प्रदेश में अब ठंड अपना असर दिखाने लगी है। प्रदेश भर में तापमान नीचे गिरा है। तीखे हुए सर्दी के तेवर ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर दिया है। पिछले दिनों उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से हवा का रुख भी उत्तरी बना हुआ है। इस वजह से नवम्बर माह की शुरुआत में ही राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में ठंड के तेवर तीखे बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अब रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

राजधानी भोपाल में लोग सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़े पहन कर घर से निकल रहे हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में सिहरन बढऩे लगी है। पिछले दिनों गुजरात और उससे लगे पश्चिमी मप्र पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ था। इससे कहीं-कहीं हवा का रुख पूर्वी दक्षिण-पूर्वी हो रहा था। यह सिस्टम अब कमजोर हो गया है। इससे राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

ग्वालियर में 14 नवम्बर से बढ़ेगी ठंड

जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजरने वाला है, जिससे शहर के न्यूनतम तापमान में तीन दिन तक बढ़ोतरी होगी। यह बढ़ोतरी 10 नवम्बर से संभावित है। तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जिससे रात में ठंडक कम हो जाएगी। जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाएगा, वैसे ही न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। यह गिरावट 14 नवम्बर से संभावित है। इसके बाद दिन व रात में ठंड बढ़ेगी। पश्चिमी विक्षोभ पर अंचल की ठंड निर्भर करती है।

29 अक्टूबर से 2 नवम्बर के बीच जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजरा था। इसके गुजर जाने के बाद शहर में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। यह पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा मजबूत नहीं था, इसलिए मौसम को प्रभावित नहीं कर पाया। वर्तमान में मौसम को प्रभावित करने वाला कोई सिस्टम नहीं बना है, जिससे दिन व रात में मौसम सामान्य हो गया है।

यह भी पढ़ें- खतरनाक प्रदूषण से कराह रहे ये राज्य, सांस लेना हुआ मुश्किल

रात में ठंड कम हो गई है। अब तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। 14 नवम्बर के बाद तापमान में तेज गति से गिरावट आएगी। तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। वर्तमान में दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है, वह घटकर 25 से 26 डिसे के बीच आ जाएगा। मौसम केन्द्र भोपाल का कहना है कि नवंबर में तापमान में गिरावट आएगी। दिसंबर में शीत लहर की दस्तक होगी।