Featured दिल्ली टॉप न्यूज़

Cold Wave: दिल्‍ली-NCR में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे ने थामी ट्रेनों की रफ्तार, 279 ट्रेनें रद

cold-in-ncr

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बुधवार सुबह भी कड़ाके की ठंड (Cold) से जनजीवन प्रभावित रहा। लोग धुंध और कोहरे के बीच सड़क किनारे, फल और सब्जी मंडियो में अलाव सेंकते नजर आए। इसके साथ ही उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर से ठिठुरन बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें..J&K: जम्मू के सिधरा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, तीन आतंकी ढेर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगामी तीन-चार दिनों तक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड (Cold) पड़ेगी और घना कोहरा छाया रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों समेत उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली में आज सुबह तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिल्ली में इस मौसम का सबसे अधिक कोहरा मंगलवार को देखा गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 17.2 और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

घने कोहरे के कारण 279 ट्रेनें रद

वहीं कड़ाके की ठंड़ और घने कोहरे का असर रेल सेवाओं पर पड़ा है। घने कोहरे से ट्रेनों की रफ्तार भी धम गई है। रेलवे ने 279 ट्रेनों को पूरी तरह और 44 को आंशिक रूप से रद कर दिया है। रद की गई ट्रेनों में बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से चलने वाली गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा 24 ट्रेनों को रीशेड्यूल्ड और चार ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। रद की ट्रेनों में गरीब रथ और जनशताब्दी जैसी ट्रेनें शामिल हैं।

इसके अलावा दून एक्सप्रेस (13009) अपने निर्धारित समय से 03 घंटे 58 मिनट, गंगासतलुज एक्सप्रेस (13307) 06 घंटे 37 मिनट, अमृतसर शताब्दी (12014) 01 घंटा 10 मिनट, मुंबई राजधानी एक्सप्रेस ((12952) 01 घंटा 06 मिनट और लखनऊ मेल (12229) 03 घंटे 13 मिनट की देरी से चल रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)