Featured राजनीति

सिंधिया ने बोला कांग्रेस पर हमला, कहा- सिर्फ चुनाव तक याद रहते हैं...

  झाबुआः केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव तक अपनी बातें याद रहती हैं और चुनाव खत्म होते ही सब कुछ भूल जाती है। 2018 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनते ही वह सभी वादों से मुकर गई। वादाखिलाफी के कारण ही कांग्रेस सरकार को सत्ता से बेदखल होना पड़ा। केंद्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान झाबुआ जिले की थांदला, पेटलावद और झाबुआ विधानसभा की रथ सभाओं और आमसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। जब भी हमारे देश, समाज और हमारी संस्कृति पर कोई संकट आया है, हमारे आदिवासी भाइयों ने उसका डटकर मुकाबला किया है। जब शिवाजी महाराज ने हिंद स्वराज के लिए लड़ाई लड़ी, तो उनके कई किले आदिवासी भाइयों द्वारा संरक्षित थे और उसी तरह हमें अपने प्रत्येक बूथ की रक्षा करनी है। इस बार का यह चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है, यह चुनाव सिर्फ थांदला और प्रदेश का चुनाव नहीं है बल्कि देश का फैसला तय करने वाला चुनाव है। इसलिए इस चुनाव में पूरी ताकत से जुट जाएं और भाजपा को विजयी बनाएं। खंडवा से शुरू हुई भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा शनिवार को झाबुआ से थांदला, पेटलावद के लिए रवाना हुई। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मेघनगर से यात्रा का नेतृत्व किया। मूसलाधार बारिश के बीच कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया और यात्रा का जोरदार स्वागत किया। सिंधिया के साथ सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, प्रदेश मंत्री तुलसीराम सिलावट, यात्रा के सह प्रभारी जयपाल सिंह चावड़ा, सांसद गुमान सिंह डामोर आदि नेता मौजूद थे। भारी बारिश के बीच यात्रा झाबुआ और थांदला विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पहुंची, जहां आदिवासी भाइयों ने पारंपरिक तरीके से केंद्रीय मंत्री सिंधिया का स्वागत किया।

दिग्विजय को लेकर कसा तंज

पेटलावद की सभा में सिंधिया ने कहा कि वह कमल नाथ और दिग्विजय सिंह का सम्मान करते हैं लेकिन इन दिनों उन्हें इस बात का दुख है कि कांग्रेस अपने चुनावी पोस्टरों में दिग्विजय सिंह का फोटो शामिल नहीं कर रही है। प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह के प्रति कांग्रेस का ऐसा व्यवहार दुखद है। थांदला की बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा अपने हर कार्यकर्ता का सम्मान करती है। हम सब यहां यात्री हैं लेकिन हमारी यात्रा सदैव सफल होनी चाहिए।' इसी उद्देश्य से भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा लेकर आपके बीच आई है। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है, जिसका सम्मान भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने बरकरार रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ विश्व मंच पर बल्कि चांद पर भी तिरंगा लहराया है। यह भी पढ़ेंः-दिल्ली में हैरान करने वाला मामला, ई-रिक्शा की बैटरी फटने से महिला की मौत, दो गंभीर उन्होंने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनता से अपील करते हुए कहा कि अब लोकतांत्रिक संघर्ष का समय आ गया है, जिसमें हर योद्धा को न्याय के लिए काम करना होगा। हमारा एकमात्र लक्ष्य देश का विकास है, जिसे भारतीय जनता पार्टी सरकार पूरा करने का प्रयास कर रही है। आप भाजपा को विजयी बनाकर देश और प्रदेश के विकास में भागीदार बनें। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)