जहां स्त्रियों का सम्मान होता है वहां रमण करते हैं देवताः श्रेयसी सिंह

95

पटनाः भारतीय जनता पार्टी की विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा कि मनु स्मृति में स्पष्ट उल्लेख है कि जहां स्त्रियों का सम्मान होता है वहां देवता रमण करते हैं। वैसे तो नारी को विश्वभर में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है, लेकिन भारतीय संस्कृति एवं परंपरा में देखें तो स्त्री का विशेष स्थान सदियों से रहा है। महिला-पुरुष एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी नहीं होते बल्कि परस्पर सहयोग की भावना से बराबरी से आगे बढ़ सकते हैं।

भारतीय जनता पार्टी की विधायक और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह ने रोहतास जिला प्रशासन एवं रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित रोहतास मिनी मैराथन, 2021 का उद्घाटन किया। इस मौके पर भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान, महिलाओं को समाज में बराबर का स्थान और खेल के क्षेत्र में महिलाओं का प्रोत्साहन का संदेश देती है। दस हजार मीटर के मैराथन के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, रोहतास को धन्यवाद देती हूं। भाजपा विधायक ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्रेम प्रकट करते हुए इस दिन को महिलाओं के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों के उपलक्ष्य में उत्सव के तौर पर अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है।

यह भी पढ़ेंःसिर्फ 8 डॉक्टरों के सहारे चल रहा आलमबाग सामुदायिक केंद्र, अव्यवस्थाओं…

उल्लेखनीय है कि इस मैराथन में महिला एवं पुरुष वर्ग में कुल मिलाकर 250 से भी ज्यादा धावकों ने हिस्सा लिया, जिसका उद्घाटन नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया गया। महिला वर्ग में तामसी सिंह और पुरुष वर्ग में कृष्णा कुमार ने क्रमशः प्रथम स्थान हासिल किया। मैराथन के विजेताओं को फजलगंज स्टेडियम, सासाराम में पुरस्कृत किया गया।