देश जम्मू कश्मीर

लद्दाख भारत के शौर्य और पराक्रम की राजधानी, जवानों के साथ होली खेलने के बाद बोले राजनाथ सिंह

rajnath-singh
नई दिल्लीः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लद्दाख क्षेत्र को देश के शौर्य और पराक्रम की राजधानी करार दिया। रविवार को लेह में राजनाथ सिंह ने जवानों के साथ होली (Holi 2024) खेली। इस दौरान उन्होंने कहा, ''जिस तरह दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी है, मुंबई वित्तीय राजधानी है और बेंगलुरु टेक्नोलॉजी राजधानी है, उसी तरह लद्दाख भारत के शौर्य और पराक्रम की राजधानी है।'' राजनाथ सिंह के साथ सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और फायर एंड फ्यूरी कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल रशिम बाली भी थे। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के कारण । सीमा पर तत्पर रहने वाले जवानों के कारण ही देश प्रगति कर रहा है और खुशहाल जीवन जी रहा है। ये भी पढ़ें..Happy Holi Wishes: होली पर फैमिली और फ्रेंड्स को भेजें प्यार भरे ये मैसेज और Photos

प्रत्येक नागरिक को सशस्त्र बलों पर गर्व

प्रत्येक नागरिक को सशस्त्र बलों पर गर्व है। वे अपने परिवारों से दूर रहते हैं ताकि हम होली और अन्य त्योहार अपने परिवारों के साथ शांतिपूर्वक मना सकें। राष्ट्र सदैव हमारे सैनिकों का ऋणी रहेगा। उनका साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। राजनाथ सिंह ने कहा, ''मैंने एक दिन पहले ही सैनिकों के साथ होली मनाने का फैसला किया। मेरा मानना है कि यह त्योहार सबसे पहले देश के रक्षकों के लिए और उनके साथ मनाया जाना चाहिए।''

बहादुर जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि

उन्होंने तीनों सेनाओं के प्रमुखों से एक दिन पहले सैनिकों के साथ त्योहार मनाने की नई परंपरा स्थापित करने का आग्रह किया। राजनाथ सिंह ने कहा, ''कारगिल की बर्फीली चोटियों पर, राजस्थान के तपते मैदानों में और गहरे समुद्र में पनडुब्बियों पर सैनिकों के साथ इस तरह का जश्न हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग बनना चाहिए।'' राजनाथ सिंह ने राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में लेह में युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)