प्रदेश राजस्थान

Rajasthan Weather: उत्तर भारत में बर्फबारी व बारिश से राजस्थान में बढ़ी ठंड

rajasthan-weather Rajasthan Weather: जयपुर: उत्तर भारत में बर्फबारी और राजस्थान में दो दिन पहले हुई बारिश से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, सीकर, उदयपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। तापमान गिरने से इन शहरों में ठंड बढ़ गई है। सुबह-शाम हल्की ठंडी हवा चलने से ठंडक बढ़ गई है। कुछ शहरों में दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिससे मौसम ठंडा हो जाएगा। जयपुर में रविवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। यहां रात का न्यूनतम तापमान कल की तुलना में तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ठंड बढ़ने के कारण यहां लोग गर्म कपड़े पहनकर सुबह-शाम घरों से बाहर निकलने लगे हैं। यही स्थिति अजमेर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर में भी रही, यहां भी रात के तापमान में हल्की गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई है। आज न्यूनतम तापमान जोधपुर में 16.4 डिग्री, बाड़मेर में 14.7, जैसलमेर में 14.4 और बीकानेर में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीती रात चूरू में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 11.6 पर पहुंच गया। सीमावर्ती जिलों में ठंड बढ़ने से लोगों की दिनचर्या भी बदल गयी है। चूरू, सीकर, झुंझुनूं में तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने से ठिठुरन बढ़ गई। तापमान में गिरावट के साथ वातावरण में नमी भी अधिक रही। पश्चिमी विक्षोभ के जाने के बाद शहर में 90 फीसदी आर्द्रता दर्ज की गई। ठंड और भी ज्यादा महसूस हुई। ये भी पढ़ें..Festival Special Train: छठ पूजा पर अहमदाबाद व कटिहार के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, देखें रूट

बीकानेर और चूरू में तापमान सामान्य से नीचे

सीमावर्ती क्षेत्र बीकानेर और चूरू में रात और दिन का तापमान सामान्य से नीचे चला गया। इन दोनों शहरों में कल दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था। श्रीगंगानगर, सीकर, जोधपुर, जयपुर, जैसलमेर में भी कल दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। हाल ही में उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में अच्छी बर्फबारी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश से ठंडक बढ़ गई। अब इन राज्यों में उत्तरी ठंडी हवाएं आने लगी हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में इन राज्यों के कई शहरों में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)