राजस्थान

हेरिटेज वॉक के साथ अंतरराष्ट्रीय ऊंट महोत्सव का आगाज, कलाकारों के साथ झूमे विदेशी पर्यटक

जयपुर: राजस्थान के बीकानेर जिले में शुक्रवार को हेरिटेज वॉक के साथ तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय ऊंट महोत्सव (Camel Festival) आगाज हो गया। महोत्सव के पहले दिन देशी-विदेशी पर्यटक लोक संस्कृति के इस जश्न में डूबे नजर आए। उत्सव की शुरुआत रामपुरिया हवेली में हुई, जिसमें सजे-धजे ऊंट, पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधान पहने महिलाएं और लोक कलाकार हेरिटेज वॉक में भाग लिया।

अतिथियों का किया गया जोरदार स्वागत 

स्थानीय लोक कलाकारों ने लोक गीतों के साथ-साथ रम्मतों के दौरान गाए जाने वाले गीत और नृत्य प्रस्तुत कर स्थानीय संस्कृति का परिचय दिया। हेरिटेज वॉक के दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर और रंगोली सजाकर अतिथियों का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सिटी पार्क में उत्सव जैसा माहौल बन गया। वहीं हेरिटेज वॉक देखने के लिए सुबह बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचे। मार्च रामपुरिया हवेली से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए राव बीकाजी की टेकरी पर समाप्त हुआ। बीकाजी की टेकरी पर पर्यटन विभाग द्वारा प्रतिभागियों के लिए रंगोली, मेहंदी एवं ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, साथ ही विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया गया। ये भी पढ़ें..Makar Sankranti 2024: मकर संक्रांति पर इन राशियों की चमक जाएगी किस्मत

ये होंगे कार्यक्रम

गौरतलब है कि 14 जनवरी तक चलने वाले इस तीन दिवसीय ऊंट उत्सव में ऊंट दौड़, बीकानेर कार्निवल, घुड़दौड़, हेरिटेज वॉक, कला के शास्त्रीय रूप, सेलिब्रिटी नाइट और फायर डांस सहित स्थानीय कला और संस्कृति के रंगों से सराबोर कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)