विशेष

राजधानी के लोगों को बेहाल कर रहा डेंगू का डंक

लखनऊः शहर में लोगों को डेंगू के प्रकोप से बचाने के लिए 29 वाहनों से फागिंग कराई जा रही है, इसके बाद भी राजधानी में डेंगू कहर मचा रहा है। आम जनता के अलावा अब नगर निगम की कार्यशैली पर पार्षदों ने भी सवाल उठाए हैं। ऐसे में सवाल यह है कि नगर निगम की कुंभकर्णी नींद कब टूटेगी ?

शहर में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मरीजों की संख्या पर बीते सोमवार 12 अक्टूबर को नगर निगम सामान्य सदन में पार्षदों ने निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाया। पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि मौजूदा समय में कोरोना से ज्यादा डेंगू से डर लगने लगा है। इस पर नगर आयुक्त ने भरोसा दिया कि फागिंग के लिए संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। एंटी लार्वा के छिड़काव के लिए सीएमओ से कार्ययोजना मांगी गई है। नगर निगम उसमें सहयोग करेगा। डेंगू पर चर्चा शाम को सदन के अंतिम समय में की गई थी।

बीते दिनों भाजपा पार्षद दल के नेता रामकृष्ण यादव ने कहा कि वर्ष 2016 से विकट स्थिति हो रही है। पूरे शहर में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। चिनहट प्रथम वार्ड की पार्षद स्नेहलता राय डेंगू की चपेट में होने के कारण सदन में नहीं आ सकी। यही नहीं, यहां न तो फागिंग हो रही है और न ही एंटी लार्वा का छिड़काव हो रहा है। इस पर सदन में सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष ने भी समर्थन दिया। अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने सफाई दी कि नगर निगम के पास उपलब्ध 32 गाड़ियों में 29 गाड़ियां नियमित फागिंग कर रही है।

पार्षदों ने किया जमकर हंगामा

अपर नगर आयुक्त की सफाई पर पार्षदों ने खूब हंगामा किया था। वजह यह थी कि उन्होंने 110 वार्डों के लिए रोस्टर तय किये जाने की जानकारी दी है। इस पर पार्षदों ने कहा कि यदि रोस्टर तय है तो उनको अब तक क्यों नहीं उपलब्ध कराया गया ?

कहां गईं फागिंग की साइकिलें

कुछ समय पहले तंग गलियों में साइकिल से फागिंग की व्यवस्था बनाई गई थी। वह भी कहीं दिखाई नहीं दे रही है। एंटीलार्वा का छिड़काव कहीं नहीं हो रहा है। जिसकी वजह से शहर में तेजी से डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:लखनऊ में लगातार घट रहे कोरोना मामले, ऐसे नीचे गिर रहा ग्राफ

स्वाथ्य विभाग पर छोड़ी जिम्मेदारी

नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने पार्षदों के सवाल पर कहा कि फागिंग के लिए 15 नई गाड़ियां खरीदी जा रही है। शहर में रोस्टर भी सभी पार्षदों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। कहा कि एंटीलार्वा के छिड़काव की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की है, उनके कार्य में सहयोग किया जा सकता है।