पुष्कर सिंह धामी ही होंगे उत्तराखंड के अगले सीएम, विधायक दल की बैठक में लिया गया निर्णय

53

देहरादूनः आखिरकार लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो गई है। उत्तराखंड राज्य का गठन हुए 21 साल हो चुके हैं। अपनी 20 साल की उम्र में ये राज्य 11 मुख्यमंत्री देख चुका है और अब एक बार फिर नए मुख्यमंत्री की ताजपोशी की तैयारी हो रही है। ऐसे में एक बार फिर पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री होंगे, बीजेपी कार्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में धामी के नाम पर मोहर लग गई। बताते हैं पार्टी आला कमान ने उनके नाम पर ही मोहर लगाई है, यानि तय हैं कि धामी 23 मार्च को फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बैठक पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी भी केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद थीं। इनके साथ प्रदेश प्रभारी एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी के अलावा भाजपा के सभी 47 विधायक, लोकसभा के 5 और राज्यसभा के 2 सांसद भी मौजूद थे। सभी विधायकों ने पुष्कर सिंह धामी को दोबारा सर्वसम्मति से प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुन लिया।

शाम पांच बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधानमंडल दल की बैठक शुरू हुई। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह ने सबसे पहले सभी विधायकों से बात की। इसके बाद धामी को प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुन लिया गया। धामी के नाम पर मुहर लगने के बाद पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह ने दी। कई दिनों से दिल्ली के केंद्रीय नेताओं के बीच उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन चल रहा था। यह मंथन होली के पहले भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच हुई थी। होली के बाद प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री सहित राज्य के अन्य वरिष्ठ नेताओं की गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक हुई थी।

ये भी पढ़ें..आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर अनियंत्रित ट्रक ने लोगों को कुचला, मां-बेटी…

दिल्ली से लेकर देहरादून तक कई दौर की बैठक के बाद अंततः पुष्कर सिंह धामी को ही नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया। आज या कल सुबह मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख भी तय कर दी जाएगी। पिछले विधानसभा का कार्यकाल 24 मार्च तक है। इसलिए 24 मार्च से पहले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होने की पूरी संभावना है। उत्तराखंड के पांचवीं विधानसभा के लिए हुए चुनाव में सभी 70 सीटों पर एक साथ 14 फरवरी को मतदान हुआ था। चुनाव का नतीजा 10 मार्च को आया था। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतीं हैं। कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है। 2 सीटों पर बसपा को जीत मिली है और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव जीता है।

इससे पहले चुनाव से 6 महीने पहले ही उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री

पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 47 साल के धामी उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री हैं। उत्तराखंड की खटीमा विधानसभा सीट से लगातार दो बार से विधायक बनते रहे हैं, लेकिन इस बार चूक गए भगत सिंह कोश्यारी के करीबी माने जाने वाले धामी ने भाजपा की युवा इकाई से राजनीति की शुरूआत की थी और 2002 से 2008 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे।

युवकों के बीच मजबूत पकड़

युवा मोर्चा का नेतृत्व संभालने के बाद उन्होंने प्रदेश भर में घूम-घूमकर यात्राएं की थीं और बेरोजगार युवाओं को एक साथ जोड़कर बड़ी रैलियां कर युवा नेता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई थी। प्रदेश में अगले साल की शुरूआत में ही चुनाव होने हैं, ऐसे में युवाओं में उनकी पकड़ को देखते हुए बीजेपी ने उन पर भरोसा जताया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)