Punjab: कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सरारी ने दिया इस्तीफा, बोले- मैं पार्टी का वफादार सिपाही रहूंगा

0
107

चंडीगढ़ः पंजाब के बागवानी मंत्री फौजा सिंह सरारी ने शनिवार को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। उन्होनें निजी कारणों का हवाला देते हुए सीएम भगवंत मान को इस्तीफा सौंपा है। जबरन वसूली की साजिश रचने के एक मामले में सरारी का नाम सामने आया था। उनका एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हुआ था। जिसके बाद विपक्ष लगातार उनपर हमलावर था। इसके अलावा विपक्ष उनकी गिरफ्तारी की भी मांग की थी।

ये भी पढ़ें…हरियाणाः राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुआ ‘लूनो’, बना चर्चा का केंद्र

बता दें कि सितम्बर में एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी, जिसमें वह पैसा वसूली के लिए कोई सौदा पक्का करते हुए सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो क्लिप को उनके करीबी सहयोगी तरसेम लाल कपूर ने लीक किया था। सरारी ने कहा है कि ऑडियो क्लिप से छेड़छाड़ की गई है। उधर उनके इस्तीफे के बाद मान सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार किए जाने का फैसला किया।

सरकार के सूत्रों ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के लिए राज्यपाल से पहले ही समय मांगा जा चुका है। इससे पहले विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोप में कैबिनेट से बाहर कर दिया गया था। सरारी के इस्तीफे से मंत्रिपरिषद में चार पद खाली हो गए हैं। सरारी को जुलाई 2022 में मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। फौजा सिंह के पास खाद्य औऱ बागवानी विभाग था।

मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद फौजा सिंह ने कहा कि वो पार्टी के वफादार सिपाही हैं और हमेशा रहेंगे। ठेकेदारों से जबरन वसूली से संबंधित विवादित ऑडियो क्लिप को लेकर पंजाब के कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सरारी की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की कांग्रेस सदस्यों की मांग को लेकर विधानसभा में हंगामा भी किया था। सरारी इस ऑडियो में ठेकेदारों सेजबरन वसूली के लिए कथित तौर पर कुछ लोगों को फंसाने के तरीकों पर चर्चा कर रहे हैं। कांग्रेस सदस्यों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी जवाब मांगा था और आप सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)