प्रदेश छत्तीसगढ़ Featured

‘फिर सरकार बनी तो छत्तीसगढ़ में होगी जातीय जनगणना’, कांकेर में बोलीं प्रियंका गांधी

priyanka-gandhi-in-cg-jan-sammelan कांकेर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi in Kanker) ने एक चुनावी सभा में वादा किया कि अगर अगले चुनाव में छत्तीसगढ़ में सरकार बनी तो बिहार की तरह यहां पर भी जातीय जनगणना कराई जाएगी। कांकेर में शुक्रवार को जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब इंदिरा गांधी 1972 में बस्तर आई थी, तब उन्होंने स्वामी आत्मानंद से कहा था कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा का विकास करना है, आज भूपेश सरकार यह कार्य कर रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीब, पिछड़ों, आदिवासियों के लिए काम किया है। भूपेश सरकार ने पेसा कानून लागू कर लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है। प्रियंका ने घोषणा की कि कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई तो बिहार की तरह यहां पर जातीय जनगणना कराई जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय मॉडल बना बस्तर

उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंदजी के नाम से आज प्रदेश में विद्यालय और महाविद्यालय खोले गए। बस्तर एक अंतरराष्ट्रीय नाम व मॉडल बन गया है। सरकार छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बढ़ाने का काम कर रही है। बस्तर आज प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है, बहुत लोगों को रोजगार मिल रहा है, 60 से अधिक वनोपज समर्थन मूल्य पर खरीदे जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने पंचायती राज की व्यवस्था लागू की।

मोदी की गारंटी चाइना माल की तरह

प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी की गारंटी को चाइना माल की तरह बताया। उन्होंने कहा कि 15 लाख नहीं आए, देश में 45 सालों में बेरोजगारी सबसे ज्यादा है। सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी और उनके उद्योगपति दोस्त मौज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले छत्तीसगढ़ में भाजपा के शासन में हिंसा का राज था, बस्तर आने से लोग डरते थे, निर्दोष आदिवासियों को जेल में डाला दिया जाता था। कांग्रेस सरकार ने इन सबसे यहां के लोगों को निकालने का काम किया है, वहीं यहां किसान मजबूत हो रहे हैं। ये भी पढ़ें..छत्तीसगढ़ पहुंचीं प्रियंका गांधी, एयरपोर्ट पर सीएम भूपेश बघेल ने किया स्वागत

कांग्रेस ने पंचायती राज को मजबूत किया

मुख्यमंत्री भूपेश ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पंचायती राज को मजबूत किया, 15 साल तक डॉ. रमन को मौका मिला लेकिन उन्होंने आदिवासियों की जमीन छीनने के अलावा कोई काम नहीं किया। न्याय के रास्ते पर छत्तीसगढ़ सरकार चल रही है, छत्तीसगढ की संस्कृति को बचाने का काम कांग्रेस कर रही है। हमने देवगुड़ी को सहेजने का काम किया। उन्होंने एक बार फिर से नगरनार स्टील प्लांट के विषय पर जोर देते हुए कहा कि स्टील प्लांट को हम बिकने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन लागू करने की घोषणा के साथ पुलिस पदोन्नति का अनुपात 40 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है।

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ

उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री सहायता योजना के तहत लोगों का 25 लाख रुपये तक का इलाज हो रहा है। छत्तीसगढ़ में 14 मेडिकल कॉलेज खोले गए। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। इसके अलावा जनसभा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, मंत्री रविंद्र चौबे व आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने भी सबंधित किया। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)