हिमाचल प्रदेश पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, ट्यूलिप गार्डन का करेंगी उद्घाटन

29

president-draupadi-murmu-in-himachal-pradesh

शिमला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार दिवसीय प्रवास पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचीं। वह मंगलवार दोपहर को सेना के हेलिकॉप्टर से शिमला से सटे कल्याणी हेलीपेड पर उतरीं। यहां पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत अन्य वरिष्ठ नेता और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी के शिमला आगमन के कुछ समय बाद यहां के मौसम ने करवट बदली और झमाझम बारिश का दौर शुरु हो गया। इससे शिमला का मौसम ठंडा हो गया है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति बनने के बाद द्रोपदी मुर्मू पहली बार शिमला प्रवास पर आई हैं। वह चार दिन शिमला में रुकेंगी।

राष्ट्रपति निवास में ट्यूलिप गार्डन का करेंगी शुभारंभ –

कल्याणी हेलीपेड में लैंड करने के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का काफिला सीधे राष्ट्रपति निवास रिट्रीट के लिए रवाना हुआ। द्रोपदी मुर्मू शिमला प्रवास के दौरान रिट्रीट में रुकेंगी। वह राष्ट्रपति निवास में निर्मित ट्यूलिप गार्डन का शुभारंभ करेंगी। आज शाम 5:40 बजे द्रोपदी मुर्मू राष्ट्रपति निवास रिट्रीट से राजभवन के लिए रवाना होंगी। राजभवन शिमला में राष्ट्रपति का अभिनंदन समारोह होगा।

दूसरे दिन अर्थात 19 अप्रैल को राष्ट्रपति मुर्मू हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) और लेखा परीक्षक के प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। 20 अप्रैल को राष्ट्रपति इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी का भी दौरा करेंगी।

ये भी पढ़ें..Weather Alert: गर्मी का सितम शुरू, तीन दिन में 45 डिग्री…

गौरतलब है कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी की भव्य बिल्डिंग पहले राष्ट्रपति निवास हुआ करती थी। देश के दूसरे राष्ट्रपति प्रो. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने इस भवन के बेहतर इस्तेमाल के लिए इसे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज को दे दिया था। इसी दिन शाम को रिट्रीट में एट होम का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। 21 अप्रैल को दोपहर बाद राष्ट्रपति शिमला से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)