Home दुनिया पेरिस में गूंजा ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’… फ्रांस की राष्ट्रीय...

पेरिस में गूंजा ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’… फ्रांस की राष्ट्रीय परेड को PM मोदी ने दी सलामी

PM Narendra Modi salutes National Bastille Day Parade of France

पेरिसः फ्रांस की राजधानी पेरिस शुक्रवार को भारतीय सेनाओं के पराक्रम की साक्षी बनी। फ्रांस के वार्षिक उत्सव ‘बैस्टिल डे’ पर आयोजित विशेष परेड में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) के सामने ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा…’ गीत भी गूंजा। फ्रांस की सेनाओं के साथ भारतीय सेना के तीनों बलों ने अपने शौर्य का प्रदर्शन किया।

फ्रांस के विशिष्ट बैस्टिल डे परेड में पहुंचने पर भारत के प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजेट मैक्रों और फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न ने किया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पेरिस के चैंप्स-एलिसीस में परेड स्थल पर पहुंचे तो वे भारतीय प्रधानमंत्री से गर्मजोशी से गले मिले। परेड में भारत की थल सेना, जल सेना और वायु सेना की टुकड़ियों ने भी मार्च किया। आकाश में राफेल का पराक्रम दिखा तो भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट ने कैप्टन अमन जगताप के नेतृत्व में मार्च किया। पंजाब रेजिमेंट के मार्च के दौरान ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा…’ भी बजाया गया।

ये भी पढ़ें..चंद्रयान-3 मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च, PM मोदी बोले- यह भारत की अंतरिक्ष यात्रा में नया अध्याय

इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट कर भारत को फ्रांस का रणनीतिक साझेदार और मित्र बताते हुए भारत को विश्व इतिहास का एक विशालकाय देश, भविष्य के लिए निर्णायक भूमिका निभाने वाला देश बताया। उन्होंने लिखा कि इस साल की 14 जुलाई की परेड के लिए सम्मानित अतिथि के रूप में भारत का स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ट्वीट किया कि अपने सदियों पुराने लोकाचार से प्रेरित होकर, भारत पूरी दुनिया को शांतिपूर्ण, समृद्ध और टिकाऊ बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है। 1.4 अरब भारतीय एक मजबूत और विश्वसनीय भागीदार होने के लिए फ्रांस के हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने इस रिश्ते के और गहरा होने की उम्मीद जताई।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

Exit mobile version