पीएम मोदी ने किया मतदाताओं का धन्यवाद, बोले- चारों दिशाओं में जीती पार्टी

50

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि पार्टी अध्यक्ष के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भारतीय जनता पार्टी ने जीत का चौका लगाया है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव का दिन है और वे इसके लिए देश के मतदाताओं को धन्यवाद देते हैं। आज पार्टी को गंगा तट, समुद्र तट, उत्तर और पूर्वोत्तर चारों दिशाओं से जीत मिली है।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भाजपा को मिली जीत के बाद पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि माताओं, बहनों और युवाओं ने भाजपा को भरपूर समर्थन दिया। यह समर्थन अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि पहली बार वोट करने वाले मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। बहनों, बेटियों और माताओं ने भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया है। हमारी स्त्री शक्ति भाजपा के जीत की सारथी बनी हैं। अपने चुनावी भाषणों का स्मरण कराते हुये उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा का विजय ध्वज लहराकर 10 मार्च को होली मनाने का अपना वादा पूरा किया है।

यह भी पढ़ेंः-सोनी की 8 और महिला कर्मचारियों ने प्लेस्टेशन निर्माता पर सेक्सिज्म…

जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने दिन रात मेहनत की और जनता-जनार्दन का विश्वास जीता। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के कुशल नेतृत्व के लिए भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की भी सराहना की।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)