प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

वाराणसी में भाजपा ने दोहराया 2017 का इतिहास, आठों सीट पर फिर कब्जा

bjp

वाराणसीः प्रदेश विधानसभा चुनाव में गुरुवार को मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी ने जिले के आठों विधानसभा सीट को अपनी झोली में डाल वर्ष 2017 के इतिहास को पुन: दोहराया। चुनाव में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वाराणसी में दो दिन प्रवास और ऐतिहासिक रोड शो का जादू मतदाताओं में जमकर चला। जिले में सात विधानसभा सीटों पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों को आसानी से जीत मिल गई। लेकिन कांटे की टक्कर और धड़कनों को बढ़ा देने वाली लड़ाई में शहर दक्षिणी के प्रत्याशी डॉ नीलकंठ तिवारी ने 25वें और अंतिम चक्र के बाद कुल प्राप्त 99416 वोटों के साथ अपने निकटतम प्रतिस्पर्धी सपा के किशन दीक्षित को 10722 मतों से हरा दिया। किशन दीक्षित को कुल 88697 मत मिला।

चुनाव में भाजपा के शहर उत्तरी के प्रत्याशी रविन्द्र जायसवाल को सबसे आसान जीत मिली। उन्हें 32 चक्र के बाद कुल 01 लाख 33 हजार 464 मत मिला। उन्होंने सपा के अशफाक को 40549 वोटों से पराजित किया। अशफाक को 92915 मत मिला। तीसरे स्थान पर बसपा के श्याम प्रकाश को 10278 मत मिला।

पिंडरा में अवधेश सिंह ने 35621 वोटों से बसपा उम्मीदवार को हराया। बसपा के बाबूलाल पटेल 48341 वोट पाकर दूसरे और कांग्रेस के अजय राय 47963 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। अवधेश सिंह को 83962 वोट मिले हैं। इसी तरह अजगरा में भाजपा प्रत्याशी त्रिभुवन राम विजयी हुए हैं। त्रिभुवन ने सपा गठबंधन के सुभासपा प्रत्याशी सुनील सोनकर को 9245 वोटों से हराया। त्रिभुवन राम को 100545 व सुनील को 91300 वोट मिला है।

वहीं, सेवापुरी में भाजपा प्रत्याशी नीलरतन पटेल विजयी हुए हैं। नील रतन पटेल ने सपा के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल को 22679 से वोटों से हराया। नीलरतन पटेल को 104913 और सुरेंद्र पटेल को 82234 वोट मिले हैं। जबकि शिवपुर में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर को 27831 वोटों से हरा दिया है। अनिल राजभर को 114906, अरविंद को 87075 और बसपा के रवि मौर्या को 40429 वोट मिले हैं।

रोहनियां सीट भाजपा गठबंधन के साथी अपना दल(एस) प्रत्याशी सुनील पटेल ने अपना दल कमेरावादी अभय पटेल को 46601 वोट से हरा दिया। सुनील पटेल को 118329 और अभय पटेल को 71728 वोट मिले। इसी तरह कैंट विधानसभा सीट पर भाजपा विधायक और प्रत्याशी सौरभ श्रीवास्तव एक बार फिर जीत गए हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी पूजा यादव को 86677 वोटों से हराया। सौरभ श्रीवास्तव को 147253 और पूजा यादव को 60576 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी राजेश मिश्रा को 23685 वोट मिले।

यह भी पढ़ेंः-पीएम मोदी ने किया मतदाताओं का धन्यवाद, बोले- चारों दिशाओं में...

बताते चलें कि जिले में प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों सहित 70 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सुबह 8 बजे से पहड़िया मंडी में जनपद की कुल आठ विधानसभा के 3371 बूथों के 18 लाख 66 हजार 338 मतों की गणना शुरू हुई। विधानसभा चुनाव के रुझान सुबह 9 बजे से आने शुरू हुए। मतगणना को लेकर पहड़िया मंडी में पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स ने त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)