धान बेचने आए किसानों का DM ने किया फूल-मालाओं से स्वागत, फसलों की ली जानकारी

52

बिलासपुर: जिले में मंगलवार को समर्थन मूल्य पर धान की खरीद शुरू हो गई। कलेक्टर सौरभ कुमार ने पहले दिन रतनपुर खरीद केन्द्र में इसका शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ तराजू बांट की पूजा-अर्चना कर किसान बरकत अली द्वारा लाये गये महामाया धान की तौलाई की।

श्री अली सहित खरीदी केन्द्र में उपस्थित अन्य किसानों का कलेक्टर ने फुल माला से स्वागत एवं सम्मान किया गया। धान खरीद शुरू होने से किसानों में खुशी एवं उत्साह का माहौल देखा गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद रामगोपाल कहरा, मण्डी अध्यक्ष रमेश मरावी, रूद्रकुमार गुप्ता, पंकज जायसवाल सहित निगरानी समिति के सदस्य और किसान उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें..धान बेचने को किसान पहुंच रहे केंद्र, धमतरी के 96 केंद्रों…

कलेक्टर ने केन्द्र पर किसानों के साथ बैठक लेकर फसल कटाई, उपज, रोग आदि की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि, अभी धान की आवक कम होगी। इस साल ज्यादा बारिश होने के कारण खेत सूखे नहीं हैं। कटाई में समय लग रहा है। अगले पन्द्रह दिनों में ज्यादा मात्रा में धान की आवक उपार्जन केन्द्रों पर होगी। रतनपुर उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आज केवल एक किसान बरकत अली पहुंचे। वे 12 बोरी में 4.80 क्विंटल लेकर आये थे। उनकी पूरी धान खरीद ली गई। रतनपुर समिति में 1127 किसान धान बेचने के लिए पंजीयन कराये हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पहले दिन के लिए 16 समितियों के 23 किसानों द्वारा 540 क्विंटल धान बेचने के लिए पंजीयन कराया गया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)